नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी का मानना है कि संजू सैमसन लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का चेहरा रहे हैं और उनका टीम से अलग होना बड़ा झटका है। डुप्लेसी ने कहा कि जैसे महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के पर्याय बन चुके हैं, उसी तरह सैमसन भी राजस्थान की पहचान बन गए थे।
सैमसन ने दो कार्यकाल में 11 सीजन तक राजस्थान के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा मैच और रन बनाए। इस बार वह चेन्नई सुपर किंग्स से खेलेंगे।डुप्लेसी के अनुसार, सैमसन के जाने से टीम के शीर्ष क्रम पर असर पड़ेगा और यशस्वी जायसवाल पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आएगी। पहले सैमसन के साथ होने से जायसवाल खुलकर खेल पाते थे, लेकिन अब उन्हें अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी।
वहीं, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने रियान पराग को कप्तान बनाए जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि टीम में जायसवाल, रविंद्र जडेजा और सैम कुरेन जैसे अनुभवी विकल्प मौजूद थे, इसलिए यह फैसला जोखिम भरा लगता है।
बालाजी ने कहा कि ऐसे में मुख्य कोच कुमार संगकारा की भूमिका अहम होगी, क्योंकि आईपीएल में कप्तानी केवल मैदान के फैसलों तक सीमित नहीं होती, बल्कि टीम को एकजुट रखना भी जरूरी होता है।उन्होंने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि दूसरे सीजन में चुनौतियां बढ़ेंगी, क्योंकि विरोधी टीमों ने उनकी कमजोरियों पर काम किया होगा। हालांकि, यह उनके लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी है।



