
अहमदाबाद। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के शोर के बीच एक ऐसी मार्मिक घटना सामने आई, जिसने हर क्रिकेट प्रेमी की आंखों को नम कर दिया है। टीम इंडिया की जीत के बड़े नायक बनकर उभरे विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने फाइनल में 54 रनों की जो आतिशी पारी खेली, वह केवल रनों का आंकड़ा नहीं, बल्कि उनके अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण की पराकाष्ठा थी। शनिवार को जब ईशान मैदान पर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा रहे थे, तब उनके सीने में एक ऐसा दर्द दबा था जिसे सहना किसी भी आम इंसान के लिए नामुमकिन सा है।
इसे भी पढ़ें-T20 World Cup : पहले करियर खत्म होने की बात करते थे, अब सर्वश्रेष्ठ कहते हैं : जसप्रीत बुमराह
सड़क हादसे में हुई बहन की मौत
दरअसल, फाइनल मुकाबले से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में ईशान किशन की चचेरी बहन और जीजा की मृत्यु हो गई थी। घर में मातम पसरा था, लेकिन ईशान ने अपने व्यक्तिगत दुख को देश की उम्मीदों के आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने अपनी पीड़ा को एक तरफ रखकर नीली जर्सी पहनी और नरेंद्र मोदी स्टेडियम के खचाखच भरे मैदान में उतरकर भारत को विश्व विजेता बनाने में जी जान से जुट गये।

ईशान के पिता प्रणव पांडेय के बताया कि, यह हादसा सिलीगुड़ी के पास हुआ। ईशान की चचेरी बहन और उनके पति एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। अचानक हुई दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उनके दो छोटे बच्चे, एक मात्र छह महीने का और दूसरा तीन साल का सुरक्षित बच गए, लेकिन परिवार पर यह सदमा इतना गहरा था कि ईशान के पिता प्रणव पांडेय अहमदाबाद फाइनल देखने नहीं पहुंच सके। वे पटना एयरपोर्ट जा रहे थे जब उन्हें यह खबर मिली।
हार्दिक पांड्या ने किया सपोर्ट
उन्होंने कहा, हम बहुत बड़ी मुसीबत में हैं, ईशान आना चाहता था, लेकिन विश्व कप की जिम्मेदारी के कारण नहीं आ सका। वह पूरी तरह टूट गया है। ईशान खुद मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक होकर बोले, ईमानदारी से कहूं तो, मैच से पहले कल ही मैंने अपनी चचेरी बहन को एक कार एक्सीडेंट में खो दिया। वह हमेशा चाहती थी कि मैं बड़ा स्कोर बनाऊं। मैं उनके लिए खेला। यह जीत उन्हें समर्पित है। ईशान ने मैच के दौरान अपनी अर्धशतकीय पारी पूरी करने के बाद आसमान की ओर देखकर बल्ला उठाया और भावुक होकर कुछ कहा, जो बाद में उनकी बहन को श्रद्धांजलि के रूप में सामने आया।

मैच के दौरान वह शांत और फोकस्ड नजर आए, लेकिन अंदर से वे टूटे हुए थे। ईशान ने बताया कि इस दुख के बीच हार्दिक पांड्या ने उन्हें बहुत सपोर्ट किया। हार्दिक ने कहा, टीम को आगे रखो, देश की उम्मीदें हैं। ईशान ने इस सलाह को मानते हुए दुख को दबाया और मैदान पर उतरे। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255/5 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया, जो टी20 विश्व कप फाइनल का सर्वोच्च स्कोर है।
तीन कैच भी झटके
ईशान ने 25 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। उन्होंने तीन कैच भी लिए, जो उनकी ऑलराउंड परफॉर्मेंस को दर्शाता है। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब जीता (पहला 2007, दूसरा 2024)। ईशान की पारी ने भारत को मजबूत शुरुआत दी। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने 89 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए। ईशान ने सैमसन के साथ 105 रनों की साझेदारी की।
मैदान में पहुंचीं गर्लफ्रेंड अदिति
ईशान किशन का यह प्रदर्शन उनके करियर के सबसे भावुक और प्रेरणादायक पलों में से एक है। कुछ साल पहले टीम इंडिया से बाहर चल रहे ईशान ने घरेलू क्रिकेट और मेहनत से वापसी की। टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 9 मैचों में 9 पारियों में 317 रन बनाए, उनका औसत 35.22 और स्ट्राइक रेट 193.29 रहा। उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए। वे टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर्स में चौथे स्थान पर रहे।पेस अटैक के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 212 और स्पिन के खिलाफ 177 रहा। मिडिल ओवर्स में उनका स्ट्राइक रेट 214.7 सबसे बेहतर था। ईशान ने अब तक 45 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1328 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं।
जीत के बाद ईशान की गर्लफ्रेंड अदिति मैदान पर पहुंची और उन्हें गले लगाकर बधाई दी। यह घटना क्रिकेट जगत में भावनाओं की लहर पैदा कर गई। फैंस सोशल मीडिया पर ईशान की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ईशान ने दर्द छिपाकर देश को जिताया ‘सच्चा योद्धा।’ दूसरा बोला, यह जीत उनकी बहन के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है।
इसे भी पढ़ें- T20 World Cup: मेलबर्न के बाद अब सिडनी पहुंची टीम इंडिया, BCCI ने शेयर किया वीडियो



