अबूधाबी के बजाय दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास करेगी इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम

इंग्लैंड की 30 सदस्यीय टीम प्रिटोरिया में अभ्यास शिविर में हिस्सा लेगी जहां वह 10 से 27 मार्च के बीच आपस में ही पांच मैच खेलेगी।

लंदन। इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण सुरक्षा चिंताओं के चलते आगामी श्रृंखलाओं की तैयारी के लिए अबूधाबी के बजाय दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास शिविर में भाग लेगी। इंग्लैंड की 30 सदस्यीय टीम प्रिटोरिया में अभ्यास शिविर में हिस्सा लेगी जहां वह 10 से 27 मार्च के बीच आपस में ही पांच मैच खेलेगी। इसके लिए 15-15 खिलाड़ियों की दो टीम तैयार की गई हैं।

टीमों के नाम इंग्लैंड की दो महान खिलाड़ियों जेन ब्रिटिन और राचेल हेहो फ्लिंट के नाम पर रखे गये हैं। यह दोनों घरेलू धरती पर विश्व कप जीतने वाली टीमों की सदस्य थीं।

इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट टीम ब्रिटिन की कप्तानी करेंगी, जिसके कोच डरहम के पूर्व बल्लेबाज और इंग्लैंड की महिला टीम के सहायक कोच जॉन लुईस होंगे। उपकप्तान चार्ली डीन टीम हेहो फ्लिंट की कप्तानी करेंगी। यह टीम सहायक कोच ल्यूक विलियम्स टीम के मार्गदर्शन में खेलेगी।

मुख्य कोच शार्लोट एडवर्ड्स शिविर के दौरान दोनों टीमों पर निगरानी रखेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा है कि आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए उन्हें इस श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी दावेदारी मजबूत करनी होगी।

एडवर्ड्स ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘शिविर में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी के लिए यह बड़ा अवसर है कि वे अपनी काबिलियत साबित करके यह दिखाएं कि वे हमारी विश्व कप योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

यह इस साल दक्षिण अफ्रीका में इंग्लैंड का दूसरा अभ्यास शिविर होगा। इंग्लैंड 12 जून से पांच जुलाई तक होने वाले टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला खेलेगा। इसके बाद भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में एक महिला टेस्ट मैच भी खेला जाएगा।

हेहो फ्लिंट टीम: एम अर्लाट, टैमी ब्यूमोंट, टिली कोर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन (कप्तान), सोफी एक्लेस्टोन, महिका गौर, डैनी गिब्सन, जोडी ग्रूकोक, एमी जोन्स, हीदर नाइट, एम्मा लैम्ब, ग्रेस पॉट्स, ग्रेस स्क्रिवेंस, एलेक्सा स्टोनहाउस, डैनी वायट-हॉज।

टीम ब्रिटिन: लॉरेन बेल, माइया बूचियर, एलिस कैप्सी, सोफिया डंकले, लॉरेन फिलर, फ्रेया केम्प, चारिस पावेली, डेविना पेरिन, पेज स्कोलफील्ड, नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लिन्से स्मिथ, रियाना साउथबी, एली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, इस्सी वोंग।

 

Related Articles

Back to top button