
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शुक्रवार की सुबह एक दिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सीएम ने यहां आगामी राज्य बजट के लिए विभिन्न हितधारकों से संवाद किया।
इसे भी पढ़ें- चारधाम यात्रा से पहले सीएम धामी का बड़ा ऐलान, सेना संभालेगी चिन्यालीसौड़-गौचर हवाई पट्टियां
जनता की समस्याएं सुनीं

ये संवाद कार्यक्रम रांसी मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें व्यापारियों, उद्योगपतियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यकम ने मुख्यमंत्री धामी ने सभी की समस्याएं सुनीं और सुझाव प्राप्त किए। साथ ही उन्हें बजट शामिल करने का आश्वासन भी दिया।
बीजेपी का कहना है कि, सीएम धामी का यह दौरा बजट सत्र से पहले जनता और विशेषज्ञों से सुझाव लेने की कड़ी का हिस्सा है। इससे पहले वे खटीमा, चंपावत और बागेश्वर समेत और भी कई जिलों में इस तरह का संवाद कार्यक्रम कर चुके हैं। धामी सरकार का मानना है कि बंद कमरों में फैसले लेने की बजाय जनता के बीच जाकर उनसे संवाद करके जनाकांक्षाओं के अनुरूप बजट बनाया जाये और पेश किया जाये।
चाक चौबंद थी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट हितधारकों की वास्तविक जरूरतों पर आधारित होगा, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं जैसे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर फोकस रहेगा। जोरदार स्वागत और व्यापक तैयारियांरांसी मैदान में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं। बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति, मंच सज्जा, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गईं।
LIVE: पौड़ी गढ़वाल में आयोजित बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम
https://t.co/GSzK86qZUc— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 20, 2026
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे। पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया था। पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, जिससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘सीएम गो बैक’ के नारे लगाए और कार्यक्रम स्थल के आसपास जमा होकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राज्य सरकार जन मुद्दों की अनदेखी कर रही है। वे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं पर सरकार द्वारा कोई स्पष्ट रोडमैप पेश न करने से नाराज थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। आपराधिक घटनाओं, खासकर हत्या के मामलों में वृद्धि चिंता का विषय बनी हुई है, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में असफल साबित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का दौरा महज दिखावा है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।पुलिस ने विरोध को देखते हुए प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, ताकि कार्यक्रम में कोई व्यवधान न आए। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और कोई बड़ी हिंसा की घटना नहीं हुई।
बुनियादी ढांचे पर दिया जाएगा ध्यान -धामी
मुख्यमंत्री धामी ने संवाद कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बजट में इन सुझावों को नीतिगत स्तर पर शामिल किया जाएगा। खास कर पहाड़ी जिलों की चुनौतियों जैसे प्रवासन रोकना, रोजगार सृजन, पर्यटन विकास और बुनियादी ढांचे पर ध्यान दिया जाएगा।
यह संवाद श्रृंखला 9 मार्च से शुरू होने वाले संभावित बजट सत्र से पहले की जा रही है, जिससे बजट अधिक समावेशी और जन-उन्मुख बने। पौड़ी का ये दौरा मुख्यमंत्री की सक्रियता का प्रतीक है। इस दौरे पर जहां एक तरफ विकास की बात हुई, तो वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें- विकासनगर में खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बोले सीएम धामी- बाबा श्याम हारे के सहारे हैं



