
बादली/बहादुरगढ़ (झज्जर)। हरियाणा में रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बादली थाना क्षेत्र के पास पाहसौर गांव के निकट हाईवे पर हुई एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की पड़ताल की तो पता चला कि पति ने ही उसकी हत्या की है।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली ट्रिपल मर्डर: तांत्रिक कमरुद्दीन के घर से मिले चौंकाने वाले सबूत, 8 हत्याओं का कबूलनामा!
लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी

जानकारी के अनुसार, मृतक युवती का नाम महक कथूरिया (26) है और ये गुरुग्राम की एचडीएफसी बैंक शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात थीं। जांच में पता चला है कि, आरोपी पति अंशुल धवन (चार्टर्ड अकाउंटेंट) ने पहले पत्नी को कार में पीटा, फिर बाहर निकालकर कैंची से गले में दो वार किए। हत्या के बाद आरोपी ने शव को वहीं पास के रजबहे में फेंक दिया और लूटपाट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
घटना के बारे में बताते हुए बादली थाने के एसएचओ सुरेश कुमार ने कहा कि, अंशुल धवन हिसार का रहने वाला है और पेशे से सीए है। वह अपनी पत्नी महक के साथ रविवार रात हिसार से गुरुग्राम लौट रहा था। रास्ते में किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि अंशुल ने कार रोक ली। उसने महक के साथ कार में मार पीट की जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई, फिर बाहर निकालकर ग्लब्ज (दस्ताने) पहनकर कैंची से गले पर दो वार किया।कैची एक वार से महक लहूलुहान होकर गिर पड़ीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दबाव बढ़ने पर कबूला जुर्म
इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से अंशुल के महक के पहन हुए गहनों को उतारकर रजबहे में फेंक दिया और फिर हाईवे पर गुजर रही कारों को रोककर मदद मांगी। एक कार चालक ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घटना संदिग्ध लगी क्योंकि अंशुल की बातों में कई विरोधाभास थे और उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं था। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।
इसे भी पढ़ें- एटा हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा: शादी के 4 लाख के तानों ने बेटे को बना दिया माता-पिता, पत्नी और बेटी का कातिल
शुरुआती पूछताछ में अंशुल ने लूटपाट और अज्ञात हमलावरों की कहानी सुनाई, लेकिन सबूतों और विरोधाभासों के आधार पर दबाव बढ़ने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उसने बताया कि, वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिसके चलते उसने उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि महक की शादी 25 सितंबर 2025 को अंशुल धवन से हुई थी। महक दो माह की गर्भवती थीं। परिवार में नन्हे मेहमान के आगमन की तैयारियां चल रही थीं। बहन श्रुति रखेजा ने बताया कि, महक ने कुछ दिन पहले ही गर्भावस्था की खुशखबरी साझा की थी। घर में सब खुश थे और बच्चे के स्वागत की तैयारियां हो रही थीं।
मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप
श्रुति ने आरोप लगाया कि, शादी के बाद से ही अंशुल महक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिवार का कहना है कि हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से चल रही साजिश का नतीजा है। महक के भाई अक्षय कथूरिया ने बताया कि, रविवार रात महक हंसते-मुस्कुराते घर से निकली थी। उसने मां से कहा था कि जल्दी ही वह वापस आएगी।

मां डिंपल कथूरिया ने खाना बांधकर दिया और ख्याल रखने की हिदायत दी थी। अक्षय ने बताया, बहन को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा। पिता कृष्ण कथूरिया ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अंशुल ने न केवल उनकी बेटी की हत्या की, बल्कि उसके अजन्में बच्चे की भी जान ले ली। पुलिस ने घटनास्थल से कैंची, ग्लब्ज, खून से सने कपड़े और अन्य सबूत बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि अंशुल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि, संदेह के अलावा कोई अन्य वजह भी थी या नहीं।
इसे भी पढ़ें- चाइनीज मांझे से हुई मौत को हादसा नहीं, हत्या माना जाएगा, सीएम ने पुलिस को दिए अभियान चलाने के निर्देश



