
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को अब हादसा नहीं, हत्या माना जाएगा। सीएम ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाकर इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

इसे भी पढ़ें- मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: चाइनीज मांझे से बाइक सवार का गला कटा, मौके पर ही गई जान
बैन के बावजूद बिक रहा चाइनीज मांझा

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, प्रदेश में इसे बैन किया गया है, तो ये बाजारों मे कैसे बिक रहा है और लोग कैसे इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को आदेश दिया कि, प्रदेश भर में इसके खिलाफ छापेमारी की जाए और अवैध मांझा बेचने, सप्लाई करने, और स्टॉक रखने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। CM ने स्पष्ट किया कि, चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को गंभीर अपराध की श्रेणी में लिया जाएगा और हत्या के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है। उन्होंने कहा, चाइनीज मांझे के खिलाफ शुरू की जाने वाली कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी।
गर्दन कटने से हुई युवक की मौत
आपको बता दें कि, प्रदेश में चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाओं में दिनों दिन इजाफा हो रहा है। इन हादसों को देखते हुए सीएम अब एक्शन मोड में आ गए हैं। सीएम का ये फैसला लखनऊ में हुए हाल के हादसे के बाद आया है। इस घटना में दुबग्गा के रहने वाले 33 साल के मोहम्मद शोएब, जो हैदरगंज पुल (ओवरब्रिज) से अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी वे चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए और उनकी गर्दन बुरी तरह से कट गई।आनन-फानन में उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
सदमे में है परिवार
खबर है कि, शोएब परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उन्होंने हाल ही में घर खरीदा था और बेटियों के भविष्य के लिए पैसे जोड़ रहे थे। इस हादसे से परिवार सदमे में है। स्थानीय लोगों ने खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्त रोक की मांग की थी। उम्मीद जताई जा रही है कि, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस चाइनीज अभियान के खिलाफ सख्त अभियान चलाएगी और इसका पूरा कारोबार खत्म करेगी।
इसे भी पढ़ें- कासगंज मे गंगा के किनारे 700 एकड़ में बनेगा ग्रीन कॉरिडोर



