दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत, 10 घायल

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पास स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में रविवार को अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी हमलावरों ने अचानक सड़क पर चल रहे लोगों को निशाना बनाते हुए पीछे से गोलियां बरसाईं। यह घटना जोहान्सबर्ग के बाहरी इलाके में एक बार के पास हुई, जहां कथित तौर पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। यह इलाका देश की प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक स्थित एक गरीब क्षेत्र माना जाता है।

गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सड़क पर चलते समय ही गोली मार दी गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। इस महीने के भीतर दक्षिण अफ्रीका में यह दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है। गौरतलब है कि इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button