Weather Update: उत्तराखंड में बढ़ी ठिठुरन, मैदानी जिलों में घने कोहरे का खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। शुष्क मौसम के बीच तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में खिली धूप थोड़ी राहत जरूर दे रही है, लेकिन सुबह-शाम बर्फीली हवाएं लोगों को कंपा रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में सर्दी का प्रकोप और बढ़ सकता है।

बुधवार को देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। धूप तो खिली रही, लेकिन बढ़ती ठिठुरन ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया। दून का अधिकतम तापमान दो दिनों में करीब 4 डिग्री तक गिरा है, हालांकि यह अब भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा चल रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है।

मैदानी जिलों में पारा सामान्य से 1–2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। दूसरी ओर पहाड़ी इलाकों में पाला परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में तापमान में 1–2 डिग्री तक की और गिरावट दर्ज हो सकती है।

 

Related Articles

Back to top button