
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को एक और नायाब सितारा मिल चुका है। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी जब भी बल्ला उठाते हैं, रिकॉर्ड खुद-ब-खुद उनकी ओर खिंचे चले आते हैं। अब अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वैभव से बड़े कारनामे की उम्मीद है। 15 जनवरी से जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में शुरू हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत के हर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी पर खास नजरें रहेंगी। इस ICC टूर्नामेंट में उनके निशाने पर दो बड़े ऐतिहासिक रिकॉर्ड हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस का छक्कों का रिकॉर्ड खतरे में
बिहार से आने वाले वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहले ही चर्चा में हैं। सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरते ही वह गेंदबाजों पर टूट पड़ते हैं और चौके-छक्कों की बारिश कर देते हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम है, जिन्होंने 2022 में 18 छक्के लगाए थे। यदि वैभव इस टूर्नामेंट में 19 या उससे अधिक छक्के जड़ देते हैं, तो वह नया इतिहास रच सकते हैं।
शिखर धवन का स्ट्राइक रेट रिकॉर्ड भी निशाने पर
अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड अब तक शिखर धवन के नाम दर्ज है। धवन ने 2004 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में 93.51 की स्ट्राइक रेट से 505 रन बनाकर यह कीर्तिमान स्थापित किया था। वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट लगभग हर मुकाबले में 100 से ऊपर रहता है। ऐसे में अगर वह पूरे टूर्नामेंट में अपनी लय बनाए रखते हैं, तो धवन का यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
शानदार फॉर्म में हैं युवा बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी हाल के दिनों में जबरदस्त फॉर्म में नजर आए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने आखिरी मुकाबले में 127 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं स्कॉटलैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में 50 गेंदों पर 96 रन बनाकर अपनी ताकत दिखाई। हालांकि इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ वॉर्म-अप में वह सिर्फ 1 रन बना सके, लेकिन टीम प्रबंधन को भरोसा है कि टूर्नामेंट में वैभव पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।
टीम इंडिया को जीत दिलाने की जिम्मेदारी
अब सबकी नजरें इस युवा बल्लेबाज पर टिकी हैं कि वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में किस तरह प्रदर्शन करते हैं। अगर वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखते हैं, तो न सिर्फ रिकॉर्ड टूटेंगे बल्कि टीम इंडिया को खिताब जीतने में भी बड़ी मदद मिल सकती है।



