
बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव ने एक बार फिर अपने फैंस को खुशखबरी दी है। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से बेल पर रिहा होने के महज एक हफ्ते बाद उन्होंने अपना ऑफिशियल यूट्यूब चैनल लॉन्च कर दिया है। चैनल का नाम ‘राजपाल नौरंग यादव’ रखा गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो मैसेज के साथ चैनल लांच करने का ऐलान किया। वीडियो में राजपाल यादव फैंस से आशीर्वाद और सपोर्ट मांग रहे हैं। साथ ही ये भी कह रहे हैं कि, यह चैनल सभी उम्र के लोगों के लिए ‘हेल्दी एंटरटेनमेंट’ का मंच बनेगा।
इसे भी पढ़ें- ‘जेलों को सुधार केंद्र बनाएं’ जेल से बाहर आते ही राजपाल यादव ने की स्मोकिंग ज़ोन की अनोखी मांग
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए गए वीडियो में राजपाल यादव मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “हाय दोस्तों, मैं आपका राजपाल हूं। मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि, मैं एक नया चैप्टर शुरू करने के लिए काफी समय से तैयारी कर रहा था। वह पल आ गया है। मुझे आपके आशीर्वाद की जरूरत है।”
अपने नए सफर के बारे में विस्तार से बताते हुए एक्टर ने कहा, मेरा यूट्यूब चैनल आज से लॉन्च हो रहा है और इस चैनल का नाम है राजपाल नौरंग यादव। इस चैनल का मिशन सिर्फ यही है कि, बच्चे, बूढ़े, जवान, सभी को एक जैसा एंटरटेनमेंट मिले। अच्छे ब्लड सर्कुलेशन के लिए ढेर सारा हेल्दी एंटरटेनमेंट। यह चैनल आपका है, इसे एंजॉय करें, खूब शेयर करें और सब्सक्राइब करें। राजपाल ने फैंस से अपील की कि वे चैनल को सपोर्ट करें, ताकि यह प्लेटफॉर्म जल्दी ग्रो कर सके। वीडियो में वे पूरी तरह उत्साहित और पॉजिटिव दिखे, जो उनके हालिया मुश्किल दौर के बाद एक बड़ा बदलाव है।
चेक बाउंस मामले में जा चुके हैं जेल
बता दें कि, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है। जमानत की शर्तों के तहत उन्होंने 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा किया और अपना पासपोर्ट भी कोर्ट में जमा कर दिया है। उनकी ये जमानत 18 मार्च तक वैध है। अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी है।
जेल से रिहा होने के तुरंत बाद राजपाल ने सोशल मीडिया पर पहला पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा, आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि, पूरे देश का सपोर्ट उनके साथ है, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई उनसे बहुत प्यार करता है। रिहाई के बाद राजपाल ने कहा कि, वे अब नए सिरे से काम शुरू करना चाहते हैं और फैंस का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
View this post on Instagram
राजपाल यादव पिछले दो दशकों से अधिक समय से बॉलीवुड में अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’, ‘चुप चुप के’, ‘गोलमाल’ सीरीज, ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘लगभग आई लव यू’ जैसी दर्जनों फिल्मों में उनके किरदार आज भी लोगों की जुबान पर हैं। उनकी हंसी और बॉडी लैंग्वेज ने उन्हें कॉमेडी का एक अनोखा चेहरा बनाया। राजपाल ने कई फिल्मों में साइड रोल से लेकर महत्वपूर्ण किरदार निभाए और दर्शकों का दिल जीता। उनकी फिल्मों में ‘राजपाल यादव वाला सीन’ देखने के लिए लोग थिएटर जाते थे। हालांकि, हाल के वर्षों में कानूनी परेशानियों के कारण उनकी फिल्में कम हुईं, लेकिन फैंस का प्यार कभी कम नहीं हुआ।
इसे भी पढ़ें- राजपाल यादव को मिला बॉलीवुड का साथ, सोनू, सलमान और अजय समेत इन एक्टरों ने बढ़ाया मदद का हाथ
ये है कानूनी मामला
9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। दरअसल, उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुंबई के एक व्यापारी से 5 करोड़ का लोन लिया था, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई जिससे वे लोन नहीं चुका पाए। धीरे-धीरे के कर्ज बढ़कर नौ करोड़ हो गया। ऐसे में चेक बाउंस होने पर उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ। इसी केस में हाल ही में उन्हें जेल जाना पड़ा। हालांकि, बाद में दिल्ली हाई कोर्ट से सख्त शर्तों के साथ उन्हें जमानत मिल गई।
View this post on Instagram
राजपाल ने कोर्ट में कहा था कि, वे इस मामले को जल्द सुलझाना चाहते हैं और अपना पूरा सहयोग देंगे। जमानत मिलने के बाद राजपाल ने कहा कि यह दौर उनके लिए बहुत मुश्किल था, लेकिन फैंस का प्यार और परिवार का साथ उन्हें मजबूत बनाए रखा। अब यूट्यूब चैनल के जरिए वे दोबारा दर्शकों से जुड़ना चाहते हैं।
फैंस ने जताई खुशी
चैनल लॉन्च की खबर आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने खुशी जताई। कई लोगों ने कमेंट्स में लिखा “राजपाल भाई, आपका स्वागत है!”, “नया चैप्टर शानदार होगा”, “सब्सक्राइब किया, अब रोज वीडियो चाहिए”। फैंस का कहना है कि राजपाल की कॉमेडी आज भी फ्रेश लगती है और यूट्यूब पर वे नई पीढ़ी को भी हंसाएंगे। राजपाल ने चैनल के लिए ‘हेल्दी एंटरटेनमेंट’ का वादा किया है, जिसमें परिवार के साथ देखने लायक कंटेंट होगा, कॉमेडी स्किट्स, फनी वीडियोज, बॉलीवुड के पुराने किस्से, फिटनेस टिप्स के साथ हंसी-मजाक और दर्शकों से लाइव इंटरैक्शन।
यह कदम राजपाल यादव के करियर में एक नया अध्याय शुरू कर रहा है। जेल से बाहर आने के बाद उनका यह प्रयास दिखाता है कि वे मुश्किलों से घबराने वाले नहीं हैं। फैंस का भारी सपोर्ट मिलने से चैनल जल्दी ग्रो करने की पूरी उम्मीद है। राजपाल यादव का यह कमबैक न सिर्फ उनके लिए, बल्कि बॉलीवुड के कॉमेडी लवर्स के लिए भी खुशी की बात है। अगले कुछ दिनों में चैनल पर पहला वीडियो आने की उम्मीद है। तब तक फैंस चैनल को सब्सक्राइब करके उनका साथ दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें-दिल को छू गया राजपाल यादव का इमोशनल बयान, साथ आए सोनू सूद, ऑफर की फिल्म



