
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की सियासत में माफिया-अपराध और राजनीति के गठजोड़ को लेकर एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। चायल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल ने अतीक अहमद और समाजवादी पार्टी के संबंधों को लेकर ऐसे सनसनीखेज आरोप लगाए हैं, जिसने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल पैदा कर दी है। पूजा पाल ने न केवल अतीक अहमद को सपा का ‘आर्थिक मददगार’ बताया, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ‘रक्षक’ करार दिया।
इसे भी पढ़ें- जनता के लिए जल्द खुलेगा गंगा एक्सप्रेसवे, कम होगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी
मेरी हत्या हो गई होती
प्रयागराज में मीडिया से मुखातिब होते हुए पूजा पाल भावुक और आक्रामक दोनों नजर आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर मुख्यमंत्री’ की उपाधि देते हुए कहा कि आज अगर वह जीवित हैं, तो यह सिर्फ योगी सरकार की सख्त कानून-व्यवस्था की बदौलत है। पूजा पाल ने आरोप लगाया कि, अगर उत्तर प्रदेश में आज भी समाजवादी पार्टी की सरकार होती, तो अतीक अहमद के गुर्गे मेरी भी हत्या कर चुके होते। सीएम योगी ने अतीक और मुख्तार जैसे माफियाओं के साम्राज्य का अंत करके प्रदेश को भयमुक्त बनाया है।
हाल ही में सपा सांसद रामगोपाल यादव ने एक बयान दिया था कि प्रदेश में सपा की सरकार आने पर अतीक अहमद की हत्या का बदला लिया जाएगा। इस बयान पर पूजा पाल ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अतीक की मौत पर सपा नेताओं का दर्द स्वाभाविक है क्योंकि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी का सबसे बड़ा फाइनेंसर था। उन्होंने कहा, सपा सरकार आने पर बदला लेने की बात कहना यह साबित करता है कि अखिलेश यादव और उनके करीबियों को एक अपराधी की मौत का कितना दुख है। अतीक केवल मेरा गुनहगार नहीं था, उसने हजारों युवाओं का जीवन बर्बाद किया और उन्हें नशे के दलदल में धकेला।
देशविरोधी गतिविधियों को संरक्षण देती है सपा
पूजा पाल ने अपने आरोपों की धार को और तेज करते हुए कहा कि सपा शासनकाल में अतीक अहमद को पूरी तरह सरकारी संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने दावा किया कि अतीक अहमद सपा के लिए फंड जुटाने के साथ-साथ जाली नोटों के कारोबार में भी लिप्त था, जिससे देश की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। पूजा पाल के अनुसार, सपा सरकार को अतीक की तमाम देशविरोधी गतिविधियों की पूरी जानकारी थी, लेकिन वोट बैंक और फंडिंग के लालच में उस पर कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अतीक अहमद दीमक की तरह देश को खोखला कर रहा था और सपा उसे पाल रही थी।
युवाओं को अपराधी बनाता था अतीक
अपने पति और पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या का जिक्र करते हुए पूजा पाल ने कहा कि अतीक अहमद ने उनके सुहाग को उजाड़कर उनकी जिंदगी तबाह कर दी थी। उन्होंने हाल ही में आई एक फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि उस फिल्म ने अतीक और सपा के अपवित्र गठबंधन को जनता के सामने पूरी तरह उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद ने न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे यूपी के युवाओं को अपराधी बनाने का काम किया, जिसे योगी सरकार ने जड़ से मिटा दिया है।
भाजपा के साथ आ सकती हैं पूजा
गौरतलब है कि पूजा पाल 2022 के विधानसभा चुनाव में कौशांबी की चायल सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंची थीं। हालांकि, पिछले साल अगस्त में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के बाद सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। तब से पूजा पाल लगातार भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में खड़ी नजर आती हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूजा पाल आगामी चुनावों में भाजपा के साथ नई पारी की शुरुआत कर सकती हैं।
यूपी की सियासत में बड़ा धमाका! सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने माफिया अतीक अहमद और अखिलेश यादव के रिश्तों पर अब तक का सबसे बड़ा खुलासा किया है। पूजा पाल ने अतीक को सपा का ‘सबसे बड़ा फाइनेंसर’ बताते हुए सीएम योगी को ‘धुरंधर मुख्यमंत्री’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि “अगर सपा सरकार होती तो मेरी भी हत्या हो जाती।” पढ़ें, अतीक-सपा कनेक्शन पर पूजा पाल के तीखे प्रहार की पूरी रिपोर्ट।
इसे भी पढ़ें- अयोध्या, काशी, प्रयागराज ही नहीं, छोटे शहरों तक दिखाई दिया योगी मॉडल का असर



