
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंगलवार रात एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई। यह घटना त्रिलोकपुर गांव के पास उस वक्त हुई जब पंचर हुए एक पिकअप वाहन का टायर बदलवा रहे चार लोगों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बुरी तरह टक्कर मार दी। हादसे में मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए।
इसे भी पढ़ें- यूपी के 20 शहरों में आंधी-पानी से गिरे पेड़, 7 की मौत, सभी 75 जिलों में अलर्ट
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, नगर पंचायत सिराथू के वार्ड नंबर 10 में रहने वाले दो सगे भाई साबिर और अकबर, लोहे से चारपाई बनाने का काम करते थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे वे अपने दो साथियों मूरतगंज निवासी अनवर और रसूलपुर निवासी एहसान के साथ चारपाइयां लादकर पिकअप वाहन से उन्नाव जिले की ओर जा रहे थे। सैनी क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर, त्रिलोकपुर गांव के पास कंगन होटल के निकट पहुंचते ही उनके वाहन का पिछला टायर पंचर हो गया।
चारों साथी वहीं रुककर किसी पंचर बनाने वाले को बुलाकर सड़क किनारे टायर बदलवाने लगे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन आया और उसने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे।
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया और सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन चारों की हालत बेहद नाजुक होने की वजह से उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन मंझनपुर पहुंचने से पहले ही चारों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और उसने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि टक्कर मारने के बाद वाहन किस दिशा में गया।
सिराथू क्षेत्राधिकारी सतेन्द्र तिवारी ने बताया कि, घटना की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि, अज्ञात वाहन की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इलाके में शोक की लहर
इस हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। साबिर और अकबर दोनों भाई स्थानीय स्तर पर चारपाई बनाने के अपने व्यवसाय के लिए जाने जाते थे, उनकी अचानक मौत से परिवार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि, यह सड़क अक्सर अंधेरे में खतरनाक साबित होती है। रात के समय जब वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं और सड़क किनारे खड़े लोगों को पर्याप्त रोशनी या चेतावनी संकेत नहीं मिल पाते।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करना है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें- यूरोप में भीषण हीटवेव का कहर, 1,000 से ज्यादा मौतें, 15 करोड़ लोग झुलस रहे हैं तपती गर्मी में



