उत्तराखंड में नजर आया नितिन नवीन का बॉस मोड, बारीकी, सख्ती और तैयारी देख दंग रह गए नेता

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन दिनों उत्तराखंड में पार्टी की जमीनी तैयारियों को नई दिशा देने में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को देहरादून में उन्होंने राज्य के सांसदों, विधायकों, संगठन पदाधिकारियों और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बैठक की। इस बैठक में उन्होंने जिस बारीकी, सख्ती और तैयारी के साथ पार्टी की जमीनी हकीकत को समझा, उसे देखकर सभी नेता हैरान रह गए।

इसे भी पढ़ें- 2027 चुनाव: उत्तराखंड के दौरे पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, परखीं पार्टी की जमीनी हकीकत

बॉस मोड में नजर आए नितिन नवीन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस अंदाज को याद करते हुए, जिसमें वे खुद को कार्यकर्ता बताते हैं और अध्यक्ष को अपना बॉस मानते हैं, ठीक उसी शैली में नितिन नवीन इस बार पूरे उत्तराखंड में बॉस मोड में नजर आए।

Nitin Naveen in Uttarakhand A

नितिन नवीन बैठक में पूरी तरह तैयार होकर पहुंचे थे। उनके पास हर विधानसभा सीट, हर बूथ और हर क्षेत्र की विस्तृत रिपोर्ट पहले से मौजूद थी। कोई भी नेता अगर गलत तथ्य या बढ़ा-चढ़ाकर बात रखने की कोशिश करता, तो उन्हें तुरंत टोक दिया जाता। कुछ विधायकों ने अपनी उपलब्धियों को थोड़ा रंग चढ़ाकर पेश करने की कोशिश की तो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिना किसी संकोच के आईना दिखा दिया। उन्होंने साफ कहा कि, सच्चाई को छिपाने से पार्टी का नुकसान होगा।

हर स्तर पर रिपोर्ट और फीडबैक

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक की रिपोर्ट अलग-अलग ली। उन्होंने पूछा कि, किन बूथों पर पार्टी कमजोर है, किन इलाकों में कार्यकर्ता सक्रिय नहीं हैं और कहां-कहां संगठनात्मक ढांचे में कमियां हैं। जहां जरूरी था, वहां उन्होंने सुधार के सुझाव दिए और जीत का फार्मूला भी बताया। नितिन नवीन ने साफ संकेत दिया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 47 सीटें जीती थीं, लेकिन अब इससे आगे बढ़ना है।

उन्होंने कहा कि उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां पार्टी अभी भी कुछ खास समुदायों या वर्गों तक नहीं पहुंच पाई है। उन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पार्टी की पैठ मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि तीन-चार महीने बाद वे फिर से उत्तराखंड आएंगे और हर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े लक्ष्यों की समीक्षा करेंगे। तब तक हर विधायक और संगठन पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी का ब्योरा तैयार रखना होगा।

 सोशल मीडिया पर न शेयर करें आपसी विवाद

नितिन नवीन युवा अध्यक्ष हैं, लेकिन उनकी गंभीरता, लगन और मेहनत को देखकर अनुभवी नेता भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। बैठक में उनकी बॉडी लैंग्वेज, कमांड और स्पष्टवादिता ने सभी को आकर्षित किया। एक तरफ जहां वे अपनों से प्यार और आत्मीयता से बात कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख भी अपनाया। उन्होंने विधायकों और पदाधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर पार्टी के अंदर कोई मनमुटाव या असंतोष है, तो उसे घर की चारदीवारी तक ही सीमित रखें। सोशल मीडिया पर इसे सार्वजनिक करने या बाहरी लोगों तक पहुंचाने की कोई गुंजाइश नहीं है।

उन्होंने कहा कि, कोई भी मुद्दा हो तो पार्टी के संगठनात्मक फोरम पर रखा जाए या सीधे हाईकमान से चर्चा की जाए। नितिन नवीन ने विधायकों की व्यक्तिगत छवि को पार्टी की छवि से जोड़ते हुए कहा कि प्रत्येक विधायक और नेता की छवि पर पूरे पार्टी का भविष्य निर्भर करता है। देवभूमि उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए अनुशासन, मेहनत और टीम वर्क सबसे जरूरी है।

उत्तराखंड में भाजपा की रणनीति

उत्तराखंड में भाजपा लगातार दो बार सरकार बना चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अब से ही तैयारियों में जुट गई है। नितिन नवीन की इस यात्रा को इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वे न सिर्फ संगठन को मजबूत करना चाहते हैं बल्कि हर बूथ पर पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करना चाहते हैं।

Nitin Naveen in Uttarakhand

बैठक में उन्होंने विकास कार्यों, जनसमस्याओं, स्थानीय मुद्दों और विपक्ष की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की। साथ ही कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि, देवभूमि की जनता ने भाजपा पर दो बार भरोसा जताया है, अब तीसरी बार भी यह विश्वास कायम रखना है।

नेताओं की प्रतिक्रिया

बैठक के बाद कई नेताओं ने नितिन नवीन की कार्यशैली की तारीफ की। एक वरिष्ठ नेता ने कहा, हमने कई अध्यक्ष देखे हैं, लेकिन इस युवा अध्यक्ष की तैयारी और कमांड देखकर हम हैरान हैं। कुछ नेताओं का कहना था कि, उनकी इस सख्ती से पार्टी में अनुशासन बढ़ेगा और आलस्य दूर होगा। नितिन नवीन की इस यात्रा को भाजपा के लिए टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है।

उन्होंने साफ कर दिया है कि अब सिर्फ शब्दों की नहीं, बल्कि जमीनी काम और परिणाम की राजनीति होगी। उत्तराखंड में भाजपा की मजबूत इच्छाशक्ति और संगठनात्मक तैयारियों को देखते हुए 2027 के चुनाव में पार्टी एक बार फिर बड़ी जीत की ओर अग्रसर नजर आ रही है। नितिन नवीन की इस सक्रियता से पूरे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

 

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने किया ‘सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका’ का विमोचन, कहा- देश के लिए प्रेरणास्रोत बना उत्तराखंड

Related Articles

Back to top button