मंगला कुप्पा बनीं अमेरिकी श्रम मंत्रालय की मुख्य सूचना अधिकारी

सीआईओ की भूमिका के साथ-साथ कुप्पा मंत्रालय की मुख्य कृत्रिम मेधा (एआई) अधिकारी के रूप में भी कार्य करेंगी

ह्यूस्टन। भारतीय मूल की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ मंगला कुप्पा को अमेरिका के श्रम मंत्रालय में मुख्य सूचना अधिकारी (सीआईओ) के पद पर आधिकारिक रूप से नियुक्त किया गया है। वह पिछले वर्ष अक्टूबर से ही इस पद की जिम्मेदारी कार्यवाहक के रूप में संभाल रही थीं। सीआईओ की भूमिका के साथ-साथ कुप्पा मंत्रालय की मुख्य कृत्रिम मेधा (एआई) अधिकारी के रूप में भी कार्य करेंगी, जहाँ वे एजेंसी की सूचना प्रौद्योगिकी रणनीति, डिजिटल रूपांतरण और एआई के सुरक्षित उपयोग की पूरी निगरानी सुनिश्चित करेंगी।

मंगला कुप्पा के पास तकनीकी क्षेत्र का 25 वर्षों से भी अधिक का अनुभव है और वे साल 2010 से अमेरिकी श्रम मंत्रालय के साथ जुड़ी हुई हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी और ‘बिजनेस एप्लीकेशन सर्विसेज’ की निदेशक जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। इससे पहले वह एक दशक से अधिक समय तक श्रम सांख्यिकी ब्यूरो में भी कार्यरत रही थीं। भारत के एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय से शिक्षित कुप्पा की यह नियुक्ति अमेरिकी सरकार के प्रमुख तकनीकी नेतृत्व पदों पर भारतीय मूल के पेशेवरों की बढ़ती साख को भी दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button