
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हेवती डीहवा गांव में एक ही परिवार के दादा और पोते की बेरहमी से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। यह घटना बृहस्पतिवार की रात उस समय घटी जब दोनों गहरी नींद में सो रहे थे। जैसे ही इस दोहरे हत्याकांड की खबर सामने आई पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
इसे भी पढ़ें- आगरा में खौफनाक हत्याकांड: पति को मार कर बाथरूम में दफनाया, डेढ़ महीने बाद खुला राज
कैसे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, हेवती डीहवा गांव के निवासी जगदंबा प्रसाद यादव, जिनकी उम्र लगभग 70 वर्ष थी, रोज की तरफ घर से कुछ दूरी पर बनी अपनी ट्यूबवेल पर सोने गये थे। वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर में ही अपनी चचेरी दादी फूलमती और अपने दो भाइयों के साथ सो रहा था।

देर रात एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर सोते हुए अंकित पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वही हमलावर या कोई अन्य व्यक्ति ट्यूबवेल तक पहुंचा, जहां जगदंबा प्रसाद यादव सो रहे थे, उनकी भी गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस तरह एक ही रात में परिवार के दो सदस्यों की जान चली गई, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गांव में मचा हड़कंप
अंकित के साथ उसी कमरे में सो रही उसकी चचेरी दादी फूलमती को जब कुछ असामान्य महसूस हुआ, तो उन्होंने तुरंत अंकित के दोनों भाइयों को जगाया। नींद खुलते ही परिवार के सदस्यों ने जब देखा कि अंकित गंभीर रूप से घायल पड़ा है, तो वे बिना समय गंवाए उसे लेकर अंबेडकर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर दौड़ पड़े, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे, तो वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया। यह खबर परिवार के लिए किसी वज्रपात से कम नहीं थी।
इस बीच, जैसे ही परिवार के अन्य सदस्य घर से ट्यूबवेल की ओर जगदंबा प्रसाद को इस दुखद घटना की सूचना देने के लिए पहुंचे, वहां का दृश्य देखकर वे और भी सन्न रह गए। उन्होंने पाया कि, जगदंबा प्रसाद यादव की भी गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस तरह यह मामला एक ही परिवार में हुए दोहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
जैसे ही इस वारदात की सूचना पुलिस को मिली, बिना देर किए पुलिस बल, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने लगे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल की घेराबंदी करते हुए सबूत जुटाने और जांच शुरू करने का काम आरंभ कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस टीम के हाथ एक अहम सुराग लगा। घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत में खून से लथपथ कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे संभवतः हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है। यह कुल्हाड़ी अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी जा रही है, ताकि हमलावर की पहचान में मदद मिल सके।
पुलिस अधिकारी का बयान
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि, रात करीब दो बजे उन्हें इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और वहां पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में परिवार के भीतर किसी पुराने आर्थिक लेनदेन और आपसी क्लेश की बात सामने आई है, जो इस हत्याकांड के पीछे की वजह हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
आरोपी की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल आरोपी या आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, परिवार के अन्य सदस्यों और गांव के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपी तक पहुंचा जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और लोग इस वारदात को लेकर सहमे हुए हैं। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा जोरों पर है, और लोग हैरान हैं कि आखिर किस वजह से इतनी क्रूरता के साथ यह वारदात को अंजाम दिया गया। जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी मामले की असली तस्वीर सामने आ सकेगी।
इसे भी पढ़ें-बैरागीवाला हत्याकांड: सीएम धामी से मिला पीड़ित परिवार, लगाई मदद की गुहार



