
अयोध्या। 10वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार, दो दिन अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वे भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी में रामनगरी में आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर दीपों की जगमगाहट के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इसे भी पढ़ें- अयोध्या की तरह मथुरा में भी बनेगा भव्य मंदिर, संगीत सोम का अखिलेश यादव पर निशाना
हेलीपैड से रामकथा पार्क तक झांकियों का अवलोकन
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वे दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। फिर तीनों स्वरूपों का विधि-विधान से राजतिलक किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
रामलीला का अवलोकन, सरयू अतिथि गृह में रात्रि विश्राम
रामकथा पार्क से मुख्यमंत्री सीधे राम की पैड़ी पहुंचेंगे, जहां वे मां सरयू की आरती करेंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। दीपों से जगमगाती रामनगरी के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन और लेजर शो का भी आयोजन होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। हरित आतिशबाजी के पश्चात वे एक बार फिर रामकथा पार्क पहुंचेंगे और वहां रामलीला का अवलोकन करेंगे। रात्रि में उनका सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है।
रामनगरी में होंगे ये आयोजन
दीपोत्सव के दौरान रामनगरी में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मेल देखने को मिलेगा। एक ओर संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में राजतिलक, आरती और दीप प्रज्ज्वलन जैसे धार्मिक आयोजन होंगे, तो दूसरी ओर प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो जैसी आधुनिक तकनीक आयोजन को और भव्य स्वरूप देगी। हरित आतिशबाजी और रामलीला के मंचन से पूरी रामनगरी दीपोत्सव के दौरान उत्सव के रंग में रंगी नजर आएगी, जिससे आयोजन यादगार बनेगा।
इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या रवाना हुए हर्षवर्धन सिंह, लखनऊ में हुआ जोरदार स्वागत



