लॉकडाउन में दफनाया गया महिला का शव, डीएम के आदेश पर खुदवाई कब्र

लॉकडाउन में संदिग्ध हालातों में मरने वाली महिला फरहाना के मामले में नया मोड़ आ गया है। डीएम के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने कब्र खुदवाकर फरहाना के शव को बाहर निकलवाया है। पुलिस का कहना है कि माैत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सहारनपुर के मोहल्ला खाता खेड़ी की रहने वाली फरहाना की शादी शाहिद नाम के युवक के साथ हुई थी। लॉकडाउन के दौरान फरहाना की मौत हो गई थी।  जिसके बाद ससुराल वालों ने उसके शव को दफनवा दिया था। फरहाना के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस ने जब फरहाना के परिजनों की नहीं सुनी तो उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

न्यायालय के आदेश पर सहारनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद फरहाना के परिजनों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार की पूरी बात सुनने के बाद पुलिस को आदेश दिए कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाए। 

यह भी पढ़ें: फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने महिला के शव को कब्र से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। कुतुबशेर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

Related Articles

Back to top button