
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए देश और उत्तर प्रदेश को संकट में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों ने देश और प्रदेश को मुश्किल में डाल दिया है।
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव का आरोप, फर्जी एनकाउंटर कराती है BJP सरकार, जाति देखकर चलता है बुलडोजर
रोजगार की तलाश में भटक रहे युवा
सपा मुखिया ने कहा कि, महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का पूरा बजट गड़बड़ा गया है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। उत्तर प्रदेश में बिजली महंगी कर दी गई है और स्मार्ट मीटर लगाकर जनता की लूट की जा रही है। डीजल समेत अन्य ईंधनों की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। यूरिया और खाद की कमी से किसान परेशान हैं। सरकार इस संकट से निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं कर रही है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवान नौकरी और रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। विकास कार्य ठप पड़े हैं, बजट की लूट हो रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने भाजपा को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है और प्रदेश को बर्बाद कर दिया है।
वोट का बुलडोजर चलाने की अपील
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव करीब हैं। लोकसभा चुनाव की तरह कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हराना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाए बिना उत्तर प्रदेश में विकास संभव नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और बिजली व्यवस्था में सुधार तभी होगा जब भाजपा सरकार चली जाएगी।

उन्होंने वोट की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत वोट है। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए वोट का बुलडोजर चलाना होगा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से डरी हुई है और पीडीए के खिलाफ साजिश रच रही है, लेकिन 2027 में पीडीए भाजपा के अन्यायी शासन का हमेशा के लिए अंत कर देगा।
बंटवारे की राजनीति करती है भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत और बंटवारे की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी पार्टी किसान, नौजवान, महिलाओं और हर वर्ग के विकास पर काम करती है। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने देश का पहला विश्वस्तरीय लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे बनाया। किसानों को यमुना एक्सप्रेसवे का मुआवजा दिलाया और पूरे प्रदेश में जिलों को फोर-लेन सड़कों से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि अमेरिका में सड़कों ने देश बनाया, उसी तर्ज पर समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश के गांवों, तहसीलों और जिलों को जोड़ने का काम किया, लेकिन भाजपा सरकार ने इन कार्यों को खराब कर दिया।
हर वर्ग के लिए होगा काम
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही हर वर्ग के लिए काम होगा। किसानों को गन्ने का भुगतान 24 घंटे में किया जाएगा। महिलाओं को हर तरह की मदद दी जाएगी और छात्राओं को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सांसद हरेन्द्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक मनोज पारस, समर पाल सिंह, पंकज मलिक, किसान नेता चौधरी रविन्द्र मलिक, नूर मोहम्मद, जिया चौधरी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- अपर्णा के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन, सीएम योगी ने जताया शोक, अखिलेश बोले- ‘हिला देने वाली खबर’



