बीजेपी मुख्यालय पहुंचे नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया जोरदार स्वागत

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे नितिन नबीन का पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बीजेपी मुख्यालय के बाहर सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में सांसद, नेता और कार्यकर्ता नए कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत के लिए एकत्र हुए। पार्टी नेतृत्व से मुलाकात के बाद नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से अपनी नई जिम्मेदारी संभाली। गौरतलब है कि रविवार को बीजेपी ने सभी को चौंकाते हुए नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की थी।

कौन हैं नितिन नबीन?
45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। कायस्थ समाज से आने वाले नितिन नबीन ने महज 26 साल की उम्र में विधायक बनकर राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। वह बिहार सरकार में फिलहाल सड़क निर्माण मंत्री हैं और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नबीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं।

नितिन नबीन ने वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में कदम रखा। 2008 में परिसीमन के बाद यह सीट बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बन गई, जहां से वह लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

क्यों मिला बड़ा दायित्व?
हालिया बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इससे पहले 2020 के चुनाव में उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को हराया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक स्तर पर उनके प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए ही उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button