
हिंदी फिल्म उद्योग इन दिनों दहशत के साये में है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की वारदात की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब महानायक अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर ने मुंबई से लेकर नवी मुंबई तक हड़कंप मचा दिया है। धमकी के दायरे में शहर की मेयर ऋतु तावड़े का नाम भी बताया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई हैं।
इसे भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर हमले से सहमा बॉलीवुड, सितारे बोले-‘ईश्वर ने की रक्षा, दोषियों को मिले कड़ी सजा’
ई-मेल से हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, मुंबई और नवी मुंबई में कई स्थानों पर धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इनमें नवी मुंबई के ऐरोली स्थित वाइबग्योर हाई स्कूल को भेजा गया ई-मेल सबसे पहले चर्चा में आया, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूत्रों का कहना है कि, इसी ई-मेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात भी लिखी गई थी।

स्कूल को मिली बम की धमकी से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन जरूरी जांच-पड़ताल की गई। इसके बाद सामने आया कि, ई-मेल का दायरा केवल स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें फिल्मी हस्तियों और अन्य प्रमुख लोगों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले बढ़ी चिंता
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इस आयोजन को लेकर प्रशंसकों में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की उम्मीद है। ऐसे में धमकी की खबर ने आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जा सकते हैं।
जुहू स्थित ‘जलसा’ भी निशाने पर
धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल है। बताया जा रहा है कि, उनके जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ पर हमले की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में ग्रेनेड से हमला करने का जिक्र है। साथ ही 27 से 30 अक्टूबर के बीच वारदात को अंजाम देने की बात लिखी गई है। आत्मघाती हमले की चेतावनी ने इस धमकी को और भी संगीन बना दिया है।
खालिस्तानी संगठनों के नाम का इस्तेमाल
ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा द्वारा कथित तौर पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, अब तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि, ई-मेल वास्तव में किसने और कहां से भेजा। अधिकारियों का कहना है कि ,कई बार इस तरह की धमकियां दहशत फैलाने के उद्देश्य से भी भेजी जाती हैं, लेकिन किसी भी स्थिति में इन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता।
पुलिस और एजेंसियां सतर्क
धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। आईपी एड्रेस और तकनीकी जानकारी खंगाली जा रही है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए संबंधित स्थानों और हस्तियों की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच हर पहलू से की जा रही है। किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले से सहमा है बॉलीवुड
गौरतलब है कि, 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई थी, जिसमें वे बाल-बाल बचे। गोलियों के छर्रे लगने से अभिनेता को चोटें आईं, जिनके निशान उन्होंने खुद भी दिखाए थे। इस वारदात के बाद मुंबई में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की 20 विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच में तेजी लाते हुए अब तक करीब 10 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी करने वाले शूटर भी पकड़ लिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि, मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है।
फिल्मी जगत में बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बॉलीवुड की हस्तियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि, कलाकार आम लोगों के बीच काम करते हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कई सितारों के निजी सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।
हालांकि, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मुंबई की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।फिलहाल सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की असल मंशा सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। तब तक मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह चौकस हैं।
इसे भी पढ़ें- रेखा-अमिताभ बच्चन: बॉलीवुड की वो अधूरी कहानी, दशकों बाद भी होती है जिसकी चर्चा



