
यदि आप इस वीकेंड सिनेमाघरों का रुख करने की योजना बना रहे हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। इस शुक्रवार, यानी 23 अक्टूबर को बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर किसी एक-दो नहीं, बल्कि कुल 8 जबरदस्त हिंदी फिल्मों का महाक्लैश होने जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि इस क्लैश में डार्क थ्रिलर और सस्पेंस से लेकर हल्की-फुल्की कॉमेडी, पैशनेट रोमांस और स्पोर्ट्स ड्रामा तक हर वर्ग के फिल्म प्रेमियों के लिए कुछ न कुछ खास परोसा गया है। तो आइए एक नजर डालते हैं इस हफ्ते बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली उन 8 फिल्मों पर, जो बॉक्स ऑफिस पर एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इसे भी पढ़ें- 40 भाषाओं में रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘रामायण’, एडवांस बुकिंग इस डेट से
उड़ता तीर
आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘उड़ता तीर’ इस हफ्ते की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इसकी कहानी बिलाल नाम के एक पाकिस्तानी अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खुफिया मिशन के तहत भारत की जमीन पर कदम रखता है। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर होता है और एक अनहोनी हादसे में वह अपनी याददाश्त खो बैठता है।

इसके बाद शुरू होती है कन्फ्यूजन और कॉमेडी की एक लंबी सीरीज। फिल्म की स्टार कास्ट काफी मजबूत है, जिसमें आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, बृजेंद्र काला, गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस और राम कपूर जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
तू है मेरी किरण
अगर आपको रोमांस के साथ-साथ दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले थ्रिलर पसंद हैं, तो निर्देशक करण रावल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यह फिल्म समर और किरण के किरदार की एक ऐसी दास्तान है जो प्यार और जुनूनी पर आधारित है। इस सुपरनैचुरल रोमांटिक थ्रिलर में लोकप्रिय अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की जोड़ी बड़े पर्दे पर रोमांस और रहस्य का जादू बिखेरती दिखाई देगी।
तुम मेरे हो
आशीष पांडा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ भी इसी शुक्रवार सिनेमाघरों के पट खोलने जा रही है। फिल्म की कहानी एक ऐसे जुनूनी स्काईडाइवर के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी पूरी दुनिया तब बदल जाती है जब उसकी मुलाकात उसके सच्चे प्यार से होती है। आगे चलकर दोनों विवाह के बंधन में बंध जाते हैं, लेकिन उनके दांपत्य जीवन में कई उतार-चढ़ाव और अप्रत्याशित ट्विस्ट आते हैं। इस फिल्म में गुरमीत चौधरी, ईशा मालवीय, शान आर ग्रोवर और अनुष्का लुहार मुख्य किरदारों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे।
पहला प्यार दूसरी बार
कॉमेडी और रोमांस का तड़का लगाने आ रही निर्देशक अनुज सैनी की फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ छह स्कूली दोस्तों की पुरानी यादों को ताजा करती है। ग्रेजुएशन पूरा होने के पूरे दस साल बाद ये सभी दोस्त एक मजेदार वेकेशन पर दोबारा मिलते हैं, जहां जिंदगी एक नया मोड़ लेती है। फिल्म में अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य और सरगुन कौर लूथरा जैसे युवा कलाकार स्कूल के दिनों की खट्टी-मीठी यादों और रिश्तों की उलझनों को पर्दे पर उतारते नजर आएंगे।
मैं ना रहा मेरा
अमित कसारिया द्वारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा ‘मैं ना रहा मेरा’ भावनाओं और आंसुओं से भरी एक गहरी प्रेम कहानी है। फिल्म के मुख्य किरदार ‘राज’ को अपनी जिंदगी के सबसे बड़े प्यार ‘सिमरन’ को खोना पड़ता है, क्योंकि उसका प्यार एकतरफा ही रह जाता है।

हालांकि, तकदीर को कुछ और ही मंजूर होता है और पूरे 12 साल के एक लंबे अंतराल के बाद, अचानक सिमरन की शादी में दोनों की राहें फिर से आमने-सामने आ जाती हैं। फिल्म में अध्ययन सुमन और दिविता राय ने मुख्य भूमिकाओं में अपनी लाजवाब अदाकारी से जान डाली है।
काली खेती
रौंगटे खड़े कर देने वाली कहानियों के शौकीनों के लिए निर्देशक हारिस इम्तियाज खान एक रूरल बैकड्रॉप पर आधारित बॉर्डर थ्रिलर ‘काली खेती’ लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म में अभिनय के पावरहाउस जैकी श्रॉफ के साथ-साथ शरद केलकर, नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी जैसे मंझे हुए कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। गांव की पृष्ठभूमि पर रची गई यह रहस्यमयी कहानी दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखने का दम रखती है।
दूसरा
अभिनय देव के निर्देशन में बनी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘दूसरा’ क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। यह फिल्म उस ऐतिहासिक दौर की याद दिलाती है जब साल 2002 में ‘नेटवेस्ट फाइनल’ की जीत भारत के लिए केवल खेल का मैदान जीतने भर से कहीं बढ़कर थी। यह वह पल था जब इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को एक नई आवाज दी थी और साथ ही एक छोटी सी बच्ची को सच बोलने की बेखौफ हिम्मत भी दी थी। फिल्म में प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा जोशी और कृष्णा गोकानी ने अहम किरदार निभाए हैं।
लिटिल थॉमस
कौशल औझा द्वारा निर्देशित फैमिली कॉमेडी फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ दर्शकों को 1990 के दशक के खूबसूरत गोवा की सैर पर ले जाती है। कहानी 7 साल के मासूम थॉमस मिरांडा की है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान होने के कारण अक्सर अकेलापन महसूस करता है। जब वह अपने दोस्तों को भाई-बहनों के साथ देखता है, तो उसकी भी तीव्र इच्छा एक छोटा भाई पाने की होती है।
इसी चाहत में वह अपने अक्सर आपस में झगड़ने वाले माता-पिता के बीच सुलह कराने के एक अनोखे मिशन पर निकल पड़ता है। फिल्म में रसिका दुग्गल, गुलशन देवैया, हृदांश पारेख, हृद्यांश गोकानी, निनाद पंडित, महाबानू मोदी-कोटवाल और आरुष सरदा जैसे कलाकार अपनी प्यारी कॉमिक टायमिंग से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इसे भी पढ़ें- ‘हैवान’ रिलीज़ से पहले प्रियदर्शन का चौंकाने वाला बयान, अक्षय की कास्टिंग पर कही ये बात



