
बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ ने सिनेमाघरों में शानदार सफलता हासिल करने के बाद अब डिजिटल दर्शकों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। 14 अगस्त को रिलीज़ हुई इस फिल्म का सीधा मुकाबला उसी दिन प्रदर्शित हुई सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से था। बॉक्स ऑफिस पर हुए इस टकराव में ‘आवारापन 2’ ने बाज़ी मारी और ‘बंटवारा 1947’ को पीछे छोड़ते हुए खुद को उस हफ्ते की सबसे कमाई करने वाली फिल्म साबित किया। फिल्म ने सिनेमाघरों में न केवल दमदार कमाई की, बल्कि निर्माताओं की जेब भी भारी मुनाफे से भर दी। अब सिनेमाघरों से निकलकर यह फिल्म ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही है।
इसे भी पढ़ें- ‘आवारापन 2’ के बाद इन चार फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएंगे इमरान हाशमी
कब और किस प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम
गौरतलब है कि, इमरान हाशमी की पहली ‘आवारापन’ साल 2007 में रिलीज़ हुई थी और अपने बेहतरीन संगीत तथा मज़बूत पटकथा के बावजूद उस समय बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रही थी। हालांकि, समय के साथ यह फिल्म दर्शकों के बीच कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल कर चुकी है। करीब उन्नीस साल के लंबे अंतराल के बाद आई इसकी सीक्वल ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिव पंडित के रूप में पर्दे पर नज़र आए और इस बार दर्शकों ने फिल्म को हाथों-हाथ लिया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर-डुपर हिट का दर्जा हासिल करने में कामयाब रही।

इस बीच फिल्म से जुड़ी एक और अहम जानकारी सामने आई है। इसके ओटीटी पार्टनर का खुलासा हो चुका है। दरअसल फिल्म के प्री-क्रेडिट सीन में ही स्ट्रीमिंग पार्टनर से जुड़े संकेत दे दिए गए थे, जिनके मुताबिक ‘आवारापन 2’ अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध कराई जाएगी। ट्रेड सूत्रों के अनुसार यह फिल्म सितंबर महीने के आखिरी दिनों में या फिर अक्टूबर के पहले हफ्ते तक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने की संभावना है। हालांकि, फिल्म निर्माताओं या अमेज़न प्राइम वीडियो की तरफ से इसकी सटीक तारीख़ को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ का प्रदर्शन
फिल्म को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुए अब तक 18 दिन का समय बीत चुका है। इस दौरान इसने कमाई के मोर्चे पर बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। रिलीज़ के पहले ही हफ्ते में फिल्म ने 113.50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई करते हुए अपनी सफलता का संकेत दे दिया था। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म का जलवा बरकरार रहा और इसने 30.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
हफ्तों बीतने के साथ फिल्म की दैनिक कमाई में स्वाभाविक कमी आई, लेकिन यह पूरी तरह थमी नहीं। 15वें दिन फिल्म के खाते में 1.20 करोड़ रुपये जुड़े वहीं 16वें दिन भी लगभग इतनी ही यानी 1.20 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज हुई। 17वें दिन फिल्म ने थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1.25 करोड़ रुपये कमाए।
फिल्म ट्रेड विश्लेषण करने वाली वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रुझान रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज़ के 18वें दिन यानी तीसरे सोमवार को फिल्म ने 50 लाख रुपये की कमाई की। इन सभी आंकड़ों को जोड़ने पर भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 18 दिनों में 148.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि भारत में इसकी ग्रॉस कमाई का आंकड़ा 176.90 करोड़ रुपये को पार कर चुका है।
विदेशों में भी अच्छी कमाई
‘आवारापन 2’ ने घरेलू बाज़ार के साथ-साथ विदेशी बाज़ारों में भी अच्छी पकड़ बनाई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि, फिल्म ने रिलीज़ के 18वें दिन विदेशी बाज़ारों में 0.25 करोड़ रुपये कमाए, जिसके साथ इसकी कुल विदेशी कमाई अब तक 33.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। भारत और विदेश की कमाई को मिलाकर देखें तो दुनियाभर में फिल्म की 18 दिनों की कुल ग्रॉस कमाई 210.20 करोड़ रुपये के आंकड़े को छू चुकी है, जो एक मध्यम बजट की फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इमरान हाशमी के करियर को मिला बूम
फिल्म उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि ‘आवारापन 2’ की यह कामयाबी इमरान हाशमी के फिल्मी सफर में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है, जिस फिल्म की पहली कड़ी दो दशक पहले सिनेमाघरों में असफल रही थी। उसी की सीक्वल का इतने बड़े पैमाने पर बॉक्स ऑफिस पर राज करना उद्योग में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह सफलता दर्शाती है कि किस तरह पुरानी फिल्मों से जुड़ी दर्शकों की भावनात्मक यादें आज भी बॉक्स ऑफिस पर असर डाल सकती हैं।
अब ओटीटी दर्शकों का इंतज़ार
सिनेमाघरों में मिली इस बड़ी सफलता के बाद अब फिल्म का अगला पड़ाव डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जहां इसे उन दर्शकों तक भी पहुंचने का मौका मिलेगा जो किसी वजह से थिएटर में फिल्म देखने से चूक गए थे। अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होने के बाद फिल्म को एक बार फिर व्यापक स्तर पर दर्शक वर्ग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे इसकी लोकप्रियता में और इज़ाफा हो सकता है।
हालांकि फिल्म का ओटीटी पार्टनर स्पष्ट हो चुका है, लेकिन दर्शकों को अब सटीक रिलीज़ तारीख़ की आधिकारिक घोषणा का इंतज़ार है। जैसे ही निर्माता या स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की ओर से तारीख़ का ऐलान होगा, इसकी जानकारी दर्शकों तक पहुंचा दी जाएगी। फिलहाल इतना तय है कि सिनेमाघरों में इतिहास रचने वाली यह फिल्म ओटीटी पर भी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- दो दशक बाद खुला राज: श्रिया सरन ने बताया कैसे ‘आवारापन’ की नाकामी ने टूट गई थीं



