\n\n\n\n\n \n

गोविंदा की दूसरी शादी के दावे पर मैनेजर का बड़ा खुलासा, बताई पूरी सच्चाई

90 के दशक के दिग्गज एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते काफी समय से खबरें आ रही हैं कि, गोविंदा और सुनीता के सब कुछ ठीक नहीं है। ताजा मामला तब गरमाया जब सुनीता और राखी सावंत के बीच फोन पर बात हुई। इस दौरान सुनीता ने राखी को बताया की गोविंदा दूसरी शादी करने जा रहे हैं। सुनीता ने कहा कि गोविंदा दूसरी शादी करने की तैयारी में थे। यही वजह थी कि उन्होंने अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली। अब सुनीता के इस चौंकाने वाले दावे पर गोविंदा के मैनेजर ने चुप्पी तोड़ी है और पूरे मामले पर खुलकर बात की है।

इसे भी पढ़ें- कौन हैं कोमल रानी स्वर्णकार, जिनका गोविंदा के साथ चल रहा है अफेयर?

मैनेजर ने दावे को किया खारिज

एक बातचीत में गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने दूसरी शादी को लेकर उठ रहे इन तमाम कयासों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने साफ-साफ़ कहा कि, यह बात उन्होंने भी अभी मीडिया से ही सुनी है जबकि वास्तव में ऐसा कुछ भी नहीं है और न ही भविष्य में ऐसा कुछ होने वाला है। शशि के मुताबिक, गोविंदा की दूसरी शादी को लेकर कोई भी बात कभी नहीं हुई।

Govinda Sunita Ahuja

मैनेजर ने आगे कहा कि सुनीता आहूजा गोविंदा की पत्नी हैं। हो सकता है उनके मन में कुछ चल रहा होगा, जिसकी वजह से उन्होंने इस तरह की बात सार्वजनिक तौर पर कही। शशि सिन्हा ने यह भी बताया कि, गोविंदा का पूरा ध्यान इस समय अपने काम और करियर पर है।

 गोविंदा खुद दाखिल करते तलाक की अर्जी

मैनेजर शशि सिन्हा ने इस पूरे विवाद पर एक अहम तर्क भी दिया। उन्होंने कहा, अगर गोविंदा वाकई अपनी शादी को खत्म करना चाहते या दोबारा शादी करने की सोच रहे होते, तो वे खुद ही तलाक की अर्जी अदालत में दाखिल करते, लेकिन सबको पता है कि तलाक की अर्जी सुनीता आहूजा ने दाखिल की थी और बाद में उन्होंने ही अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए उसे वापस लेने का निर्णय लिया। मैनेजर के इस बयान से यह साफ करने की कोशिश की गई कि, रिश्ते को आगे बढ़ाने या तोड़ने से जुड़ा फैसला गोविंदा की तरफ से नहीं, बल्कि सुनीता की तरफ से ही लिया गया।

जल्द ठीक हो जाएगा सब कुछ

गोविंदा के मैनेजर ने इस दौरान परिवार के भीतर की बातों को सार्वजनिक करने को लेकर भी अपनी राय रखी। शशि सिन्हा ने कहा कि गोविंदा और सुनीता दोनों ही समझदार लोग हैं, लेकिन जहां गोविंदा ने कभी भी सार्वजनिक तौर पर सुनीता के बारे में कोई नकारात्मक बात नहीं कही। वहीं सुनीता ने ही अपने घर की निजी बातों को मीडिया और लोगों के सामने रखा है।

मैनेजर ने उम्मीद जताई कि, दोनों अपने और अपने बच्चों की भलाई के बारे में ही सोचते होंगे। उन्होंने कहा कि यह ठीक-ठीक कहना मुश्किल है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि, सुनीता ने अपना फैसला बदल दिया, लेकिन उम्मीद जताई जा सकती है कि आने वाले समय में सब कुछ सामान्य हो जाएगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि, यह सुधार बच्चों की भलाई के लिए भी बेहद जरूरी है, क्योंकि इस तरह के पारिवारिक विवाद और नकारात्मकता का बच्चों पर सीधा और गहरा बुरा असर पड़ता है।

गोविंदा समाज के जिम्मेदार सदस्य  

गोविंदा की छवि को लेकर बात करते हुए मैनेजर शशि सिन्हा ने कहा कि गोविंदा समाज के एक जिम्मेदार और सम्मानित सदस्य हैं और वे कभी भी ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को किसी तरह का नुकसान पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोविंदा ने हमेशा सुनीता को सिर्फ उनके फैसलों और कामों के संभावित नतीजों के बारे में समझाने की कोशिश की है, लेकिन उन्होंने कभी भी सार्वजनिक तौर पर सुनीता के खिलाफ कुछ नहीं कहा। मैनेजर ने दोहराया कि दूसरी शादी को लेकर कोई भी बात कभी नहीं हुई है और फिलहाल गोविंदा का पूरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर केंद्रित है।

 एक फोन कॉल से शुरू हुआ विवाद

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया, जब हाल ही में राखी सावंत ने पैपराजी के सामने ही सुनीता आहूजा को फोन किया और स्पीकर पर उनसे बातचीत की। इसी बातचीत के दौरान सुनीता ने खुलासा किया कि, गोविंदा दूसरी शादी करने की प्लानिंग कर रहे थे। इसके कुछ ही समय बाद सुनीता आहूजा को अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया, जिसके बाद दोनों के तलाक को लेकर एक बार फिर तरह-तरह की अटकलें और अफवाहें तेज हो गईं।

Govinda Sunita Ahuja

हालांकि,  सुनीता के अपने मैनेजर ने स्पष्ट किया कि, उन्होंने जो तलाक का केस दाखिल किया था। उसी केस को औपचारिक रूप से वापस लेने के लिए फैमिली कोर्ट गई थीं, न कि किसी नए कानूनी कदम के लिए।

रूमर्ड गर्लफ्रेंड की वजह से सुर्ख़ियों में गोविंदा

इन दिनों गोविंदा का नाम अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ भी जोड़ा जा रहा है, जो उनकी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ में उनके साथ नजर आने वाली हैं। हाल ही में गोविंदा और उनकी कथित गर्लफ्रेंड रानी स्वर्णकार को एयरपोर्ट पर एक साथ स्पॉट किया गया था। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर बेहद तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद गोविंदा और सुनीता के बीच चल रहा यह पारिवारिक विवाद और भी ज्यादा चर्चा में आ गया।

 चार दशक पुराना है रिश्ता

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी की बात करें तो दोनों ने 11 मई 1987 को बेहद गुपचुप तरीके से शादी की थी। उस समय दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था। शादी के करीब दो साल बाद 16 जुलाई 1989 को गोविंदा और सुनीता की बेटी टीना आहूजा का जन्म हुआ। बेटी टीना के जन्म के बाद ही गोविंदा ने दुनिया के सामने खुलकर अपनी और सुनीता की शादी का खुलासा किया था।

इसके कुछ वर्षों बाद 1 मार्च 1997 को इस दंपति ने अपने बेटे यशवर्धन आहूजा का स्वागत किया। इस तरह गोविंदा और सुनीता का वैवाहिक जीवन करीब चार दशक पुराना है, लेकिन हाल के महीनों में आया यह विवाद उनके लंबे रिश्ते पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से आ रहे बयानों में एक-दूसरे से जुड़ी अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, जिससे प्रशंसकों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह पारिवारिक विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।

 

इसे भी पढ़ें- अब सिनेमाघरों में लगेंगे ठहाके, लौट रहा है गोविंदा युग, इस डेट को रिलीज हो रही वरुण-डेविड की फिल्म

Related Articles

Back to top button