
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ और इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। हालांकि, रिलीज के पहले दिन से ही यह साफ हो गया था कि, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ सनी देओल की पीरियड ड्रामा से काफीआगे निकल चुकी है। वीकडे के पहले दिन यानी सोमवार को इमरान हाशमी की फिल्म ने जबर्दस्त कलेक्शन किया, जबकि ‘बंटवारा 1947’ की रफ्तार काफी धीमी रही।
इसे भी पढ़ें- ‘आवारापन 2’ के बाद इन चार फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएंगे इमरान हाशमी
100 करोड़ी क्लब के करीब ‘आवारापन 2’
इस पूरे मुकाबले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि, जहां एक तरफ इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ 100 करोड़ी क्लब में शामिल के काफी करीब पहुंच चुकी है। वहीं दूसरी ओर सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ अभी 50 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी है। ऐसे में यह साफ नजर आ रहा है कि, दर्शकों का रुझान फिलहाल किस फिल्म की ओर ज्यादा है। अब जानते हैं मंगलवार यानी पांचवें दिन दोनों फिल्में कितना कलेक्शन कर रही हैं और इनकी ऑक्यूपेंसी की क्या स्थिति है।
‘बंटवारा 1947’ का कलेक्शन
राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी ‘बंटवारा 1947’ में मुख्य भूमिका में सनी देओल और अमीषा पटेल हैं। इस फिल्म की शुरुआत बेहद सामान्य अंदाज में हुई थी। फिल्म ने पहले दिन महज 5.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर अपना खाता खोला था। हालांकि, दूसरे दिन फिल्म को 15 अगस्त की राष्ट्रीय छुट्टी का सीधा फायदा मिला, जिसके चलते इसकी कमाई डबल डिजिट में पहुंच गई और फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन इसके बाद फिल्म की रफ्तार पर एक बार फिर ब्रेक लग गया।

तीसरे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई और यह केवल 7.25 करोड़ रुपये ही कमा सकी। इसके बाद चौथे दिन यानी सोमवार को स्थिति और भी कमजोर हो गई, जब फिल्म महज 2 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन कर पाई। इस तरह देखा जाए, तो चार दिनों में ‘बंटवारा 1947’ की कुल कमाई 28.50 करोड़ रुपये तक ही सीमित रह गई।
पांचवें दिन का हाल
अब बात करें फिल्म के पांचवें दिन यानी मंगलवार की, तो दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ‘बंटवारा 1947’ ने केवल 0.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी महज 10 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसी के साथ फिल्म की कुल कमाई अब तक 28.90 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
इस सुस्त रफ्तार को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने एक खास रणनीति अपनाई है। बीते दिन ही मेकर्स की ओर से यह घोषणा की गई कि मंगलवार के दिन दर्शक महज 99 रुपये की सस्ती टिकट खरीदकर इस फिल्म को थिएटर में देख सकते हैं। निर्माताओं को उम्मीद है कि इस विशेष ऑफर के चलते मंगलवार को फिल्म की कमाई में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें, तो राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित इस पीरियड ड्रामा में सनी देओल के साथ-साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और अली फजल जैसे कलाकारों ने भी अहम किरदार निभाए हैं।
‘आवारापन 2’ की शानदार रफ्तार
दूसरी तरफ बात करें इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ की, तो इस फिल्म ने शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने अपने पहले दिन ही 22 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शानदार ओपनिंग दर्ज की थी। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसने 33.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो अब तक फिल्म का सबसे बड़ा एक दिन का कलेक्शन साबित हुआ।

तीसरे दिन भी फिल्म की रफ्तार बरकरार रही और इसने 26.25 करोड़ रुपये कमाए। हालांकि, जैसे ही फिल्म ने वीकडेज में प्रवेश किया। चौथे दिन यानी सोमवार को इसकी कमाई में स्वाभाविक रूप से गिरावट दर्ज की गई और फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह चार दिनों में ‘आवारापन 2’ की भारत में कुल नेट कमाई 91 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
92.81 करोड़ हुई कमाई
अब बात करें फिल्म के पांचवें दिन यानी मंगलवार की, तो दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध ताजा आंकड़ों के मुताबिक ‘आवारापन 2’ ने 1.81 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी 18 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसी के साथ फिल्म की कुल कमाई अब 92.81 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। बॉक्स ऑफिस से जुड़े जानकारों का मानना है कि, इसी रफ्तार को देखते हुए फिल्म मंगलवार के दिन ही 100 करोड़ी क्लब में अपनी एंट्री दर्ज करा लेगी, जो कि फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी।
ट्रेड एनालिस्ट ने क्या कहा
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रसिद्ध ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि, फिल्म आज यानी मंगलवार को 100 करोड़ रुपये का बड़ा आंकड़ा पार कर लेगी। उन्होंने आगे लिखा कि, वीकेंड पर जबरदस्त कमाई के बावजूद ‘आवारापन 2’ सोमवार को भी अपेक्षाकृत मजबूत बनी रही। उनके अनुसार टियर 2 और टियर 3 शहरों में इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है, जो इसकी सफलता की एक बड़ी वजह बनकर उभरा है।
ट्रेड एनालिस्ट ने यह भी बताया कि मंगलवार को टिकटों पर मिलने वाले डिस्काउंट ऑफर के चलते एक बार फिर बड़ी संख्या में दर्शकों के थिएटर पहुंचने की उम्मीद है। तरण आदर्श के अनुसार फिल्म के पहले हफ्ते के दैनिक आंकड़ों पर नजर डालें, तो शुक्रवार को फिल्म ने 23.40 करोड़ रुपये, शनिवार को 34.09 करोड़ रुपये, रविवार को 26.82 करोड़ रुपये और सोमवार को 10.06 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म का कुल आधिकारिक नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सभी वर्जन को मिलाकर 94.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बॉक्स ऑफिस विश्लेषकों का मानना है कि, आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘बंटवारा 1947’ अपने सस्ती टिकट ऑफर के दम पर अपनी कमाई में सुधार ला पाती है या फिर ‘आवारापन 2’ अपनी शानदार रफ्तार को बरकरार रखते हुए और आगे निकल जाती है। बहरहाल इतना तय है कि दोनों फिल्मों के बीच यह मुकाबला आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर और दिलचस्प होता नजर आएगा।
इसे भी पढ़ें- ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: अजय देवगन की फिल्म ने रचा इतिहास, वर्ल्डवाइड टॉप-5 में मिली एंट्री



