
अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ इस समय सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। रिलीज के लगभग डेढ़ हफ्ते बीत जाने के बाद भी ये फिल्म देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़े हुए हैं। हालांकि, दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई की रफ्तार स्लो जरूर हुई है, लेकिन फिल्म हर दिन करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही है, जिसे देखकर ट्रेड पंडित भी हैरान हैं।
इसे भी पढ़ें- ‘धमाल 4′ ट्रेलर के लॉन्च इवेंट में सीक्वल फिल्मों की सफलता और घबराहट पर खुलकर बोले अजय देवगन
दिलचस्प बात यह है कि, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में ‘धमाल 4’ ने शाहिद कपूर की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को पीछे छोड़ते हुए इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है। आइए जानते हैं कि, इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 11 दिनों में देश-विदेश में कुल कितनी कमाई की है।
11वें दिन घरेलू बाजार का कारोबार
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट पर गौर करें तो, ‘धमाल 4’ ने अपनी रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को देशभर के करीब 8 हजार 892 शो में दर्शकों को थिएटर तक खींचा। इस दिन फिल्म ने 3.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। हालांकि, यह आंकड़ा पहले हफ्ते के मुकाबले थोड़ा कम जरूर है, लेकिन दूसरे सोमवार के हिसाब से इसे कमजोर प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता।

इस कमाई के साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब 152.20 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 127.75 करोड़ रुपये हो गया है। इन नंबरों को देखते हुए साफ है कि, फिल्म ने अपनी शुरुआती रफ्तार को अब तक बरकरार रखी है।
विदेशी बाजार में भी दिखा असर
घरेलू बाजार के अलावा ‘धमाल 4’ विदेशी धरती पर भी धमाल मचाये हुए हैं। हालांकि, दूसरे सोमवार को ओवरसीज मार्केट में भी कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, जो कि आमतौर पर वीकडे के दौरान होना स्वाभाविक भी माना जाता है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन विदेशों में 0.50 करोड़ रुपये की कमाई की।
इस आंकड़े को जोड़ने के बाद विदेशी बाजार में ‘धमाल 4’ का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब तक 22.00 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, अगर घरेलू और विदेशी, दोनों बाजारों को मिलाकर देखा जाए, तो फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 174.20 करोड़ रुपये हो चुका है, जो निश्चित तौर पर एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शाहिद कपूर की फिल्म को पछाड़ा
इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की बात करें, तो ‘धमाल 4’ ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में अब तक की पांचवीं सबसे बड़ी हिट फिल्म का तमगा हासिल कर लिया है। इससे पहले इस जगह पर शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ थी, जिसने दुनियाभर में कुल 166.19 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की थी।
यह इस बात का संकेत है कि दर्शकों ने अजय देवगन की इस फिल्म को जमकर पसंद किया है और कॉमेडी जॉनर की यह फिल्म बड़े स्टार कास्ट वाली रोमांटिक फिल्मों को भी टक्कर देने में कामयाब रही है।
साल की टॉप 5 वर्ल्डवाइड हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में
अगर बात करें इस साल की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की, तो इस लिस्ट में सबसे ऊपर ‘धुरंधर 2’ सबसे ऊपर है, जिसने वर्ल्डवाइड 1850.85 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की है। दूसरे नंबर पर ‘बॉर्डर 2’ है। इस फिल्म में 485.3 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया।

तीसरे स्थान पर ‘भूत बंगला’ है, जिसकी वर्ल्डवाइड कमाई 292.64 करोड़ रुपये रही, जबकि चौथे नंबर पर ‘वेलकम टू द जंगल’ है, जिसने 194.97 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर अब ‘धमाल 4’ ने जगह बना ली है, जिसकी कुल वर्ल्डवाइड कमाई 174.20 करोड़ रुपये हो चुकी है।
स्थिर है ‘धमाल 4’ की कमाई का ग्राफ
बॉक्स ऑफिस ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, दूसरे हफ्ते में मामूली गिरावट के बावजूद ‘धमाल 4’ की कमाई का ग्राफ फिलहाल स्थिर बना हुआ है। आने वाले वीकेंड में इसमें फिर से उछाल देखने को मिल सकता है। इंद्र कुमार की यह फिल्म कॉमेडी जॉनर की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो गई है, जिन्होंने बड़े बजट की एक्शन और रोमांटिक फिल्मों के बीच भी अपनी अलग पहचान बनाई है।
अजय देवगन के फैंस के लिए यह किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है, क्योंकि उनकी यह फिल्म न सिर्फ घरेलू बाजार में बल्कि विदेशी दर्शकों के बीच भी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले हफ्तों में यह फिल्म वर्ल्डवाइड टॉप 5 की इस लिस्ट में अपनी रैंकिंग को और कितना ऊपर ले जा पाती है, या फिर ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों से पिछड़ जाती है।
इसे भी पढ़ें- जब अजय देवगन के डेब्यू से हुआ अनिल कपूर का करोड़ों का नुकसान, एक्टर ने खुद सुनाया किस्सा



