न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर विमान हादसा, ट्रक से टकराया प्लेन, कई यात्री गंभीर रूप से घायल

न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार को एक भीषण विमान हादसा हो गया, जिसमें एयर कनाडा एक्सप्रेस का विमान रनवे पर खड़े दमकल वाहन से जा टकराया। इस टक्कर में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और कई यात्री घायल हो गये। एफएए ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लगा दिया है, जिससे उड़ानों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

इसे भी पढ़ें- न्यूयॉर्क : ब्रुकलिन संग्रहालय में प्रदर्शनकारियों ने आजाद फलस्तीन के बैनर लहराए, गिरफ्तार

हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी

अमेरिका के सबसे व्यस्त और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण माने जाने वाले न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट से एक डराने वाली खबर सामने आई है। सोमवार एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक यात्री विमान हवाई अड्डे पर खड़े एक दमकल वाहन से बेहद तेज गति में टकरा गया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि, विमान का अगला हिस्सा यानी नोज सेक्शन पूरी तरह पिचक गया है जिससे कॉकपिट के पास के हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है।

LaGuardia Airport

हादसे की खबर मिलते ही हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी के अस्पतालों में ले जाया गया है।

ग्राउंड स्टॉप लागू

एक रिपोर्ट्स के अनुसार, यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने इस घटना के तुरंत बाद एक आपातकालीन नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ला गार्डिया एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया है, जिसका सीधा मतलब यह है कि, फिलहाल इस एयरपोर्ट से कोई भी विमान उड़ान नहीं भर सकेगा और न ही किसी नए विमान को यहां उतरने की अनुमति दी जाएगी।

इस आदेश के बाद न्यूयॉर्क आने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से से धुआं निकलता हुआ और आपातकालीन द्वारों से यात्रियों को बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है।

रनवे पर फैला मलबा

ला गार्डिया एयरपोर्ट पर विमानों के परिचालन को रोकना इसलिए भी जरूरी हो गया, क्योंकि रनवे पर मलबा फैला हुआ था और सुरक्षा जांच पूरी होना अनिवार्य था। यह एयरपोर्ट पायलटों के लिए हमेशा से एक बड़ी चुनौती रहा है क्योंकि यह चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है और इसके रनवे अन्य प्रमुख हवाई अड्डों की तुलना में काफी छोटे हैं। रनवे की कम लंबाई और भौगोलिक स्थिति के कारण यहां लैंडिंग और टेक-ऑफ के समय पायलटों को असाधारण सावधानी बरतनी पड़ती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि, रनवे पर किसी वाहन की मौजूदगी और विमान की टक्कर सुरक्षा प्रोटोकॉल में एक बड़ी चूक की ओर इशारा करती है, जिसकी अब गहन जांच की जा रही है।

LaGuardia Airport

हवाई अड्डे का इतिहास देखें, तो यहां पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जो इसकी संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। अभी हाल ही में अक्टूबर 2025 में डेल्टा एयर लाइन्स के दो विमान टैक्सीवे पर आपस में टकरा गए थे जिसमें एक विमान का पंख दूसरे के कॉकपिट तक पहुंच गया था।

पहले भी यहां हो चुके हैं हादसे

इसी तरह साल 2016 में भी एक बड़ा हादसा होते-होते बचा था जब तत्कालीन उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस का विमान रनवे से फिसलकर घास के मैदान में चला गया था। बार-बार होने वाली इन घटनाओं ने ला गार्डिया की सुरक्षा व्यवस्था और इसके बुनियादी ढांचे पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

अक्टूबर 2025: टैक्सीवे पर डेल्टा एयर लाइन्स के दो विमान आपस में भिड़े। एक विमान का विंग दूसरे के कॉकपिट में जा घुसा था। भारी नुकसान हुआ लेकिन जान-माल की हानि नहीं हुई।

अक्टूबर 2016: तत्कालीन अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार माइक पेंस का चार्टर्ड विमान लैंडिंग के बाद रनवे से फिसलकर घास के मैदान में जा धंसा। तकनीकी रूप से यह एक बड़ा सुरक्षा अलर्ट था।

मार्च 2015: डेल्टा एयर लाइन्स की उड़ान 1086 लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर बाड़ से जा टकराई थी। इस हादसे में विमान से ईंधन का रिसाव हुआ और कई यात्री घायल हुए थे।

जनवरी 2009 (मिरेकल ऑन द हडसन): यूएस एयरवेज की उड़ान 1549 ने ला गार्डिया से ही उड़ान भरी थी, लेकिन पक्षियों से टकराने के कारण इंजन फेल हो गए। पायलट चेसली सुलेनबर्गर ने सूझबूझ से विमान को हडसन नदी में सुरक्षित लैंड कराया था।

मार्च 1992: यूएस एयरवेज की ही एक उड़ान बर्फबारी के कारण टेक-ऑफ के तुरंत बाद फ्लशिंग बे के ठंडे पानी में गिर गई थी, जिसमें 27 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई थी।

फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें मलबे को हटाने और घायल यात्रियों के परिजनों को सूचित करने के काम में जुटी हुई हैं। एयर कनाडा ने भी इस मामले में अपना आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि वे एफएए और स्थानीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए सीधे एयरलाइंस के संपर्क में रहें क्योंकि ग्राउंड स्टॉप हटने के बाद भी उड़ानों को सामान्य होने में लंबा समय लग सकता है।

 

इसे भी पढ़ें-  राहुल गांधी को मिला नया पासपोर्ट, आज रवाना होंगे अमेरिका, 4 जून को न्यूयॉर्क में करेंगे बड़ा इवेंट

Related Articles

Back to top button