
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार सुबह का सूरज एक ऐसी खौफनाक वारदात के साथ निकला जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक पेड़ से लटका हुआ महिला का शव और उसके पास ही जमीन पर पड़ी युवक व पांच साल की मासूम बच्ची की लाश ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। घटनास्थल पर बिखरे खाने-पीने के सामान और टूटे हुए मोबाइल फोन ने मामले को और उलझा दिया है, किसी को नहीं समझ या रहा है कि, ये हत्या है या आत्महत्या। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें- सहारनपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की रहस्यमयी मौत, कमरे में मिले शव, तीन तमंचे बरामद
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
जनपद के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरूपुर गांव के निकट रेलवे लाइन के किनारे शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद और संदिग्ध परिस्थितियों में तीन शव बरामद किए गए। मृतकों में एक 28 वर्षीय युवक, एक 32 वर्षीय महिला और उसकी पांच साल की मासूम बच्ची शामिल है। महिला का शव जहां एक पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका पाया गया। वहीं उसी पेड़ के नीचे उसके देवर और बेटी के शव पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया।

पुलिस को घटनास्थल से कई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जो इस घटना को और अधिक रहस्यमयी बना रहे हैं। जैसे के मौके से सात चिप्स के पैकेट, एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल, पानी की बोतल, एक पराठा और एक सेब का मिलना। इसके साथ ही, घटनास्थल पर दो मोबाइल फोन भी टूटे हुए हालत में मिले हैं। फिलहाल इन साक्ष्यों को कब्जे में लेकर पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर आखिरी समय में वहां क्या हुआ था।
गर्दन पर रस्सी के निशान
पुलिस के अनुसार, महिला देवी सरकार का शव पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि जमीन पर पड़े देवर सरल और पांच साल की बच्ची सावंती के शवों की स्थिति को देखने पर उनकी गर्दन पर भी रस्सी के निशान पाए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें मारकर फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक महिला देवी सरकार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जनपद के पूर्वा मल्लापूरा गांव की रहने वाली थी। वह अपने पति अपीश्वर के साथ खुर्जा की एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। वहीं, मृतक सरल सरकार उसका देवर था, जो शहर की दूसरी पॉटरी इकाई में काम करता था। पति अपीश्वर घटना के बाद से फरार है। ऐसे में पुलिस को शक है के उसने ही घटना को अंजाम दिया होगा। पति की अनुपस्थिति और उसकी संदिग्ध भूमिका को लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
बारीकी से हो रही जांच- एसएसपी
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए कहा है कि घटना की हर कड़ी की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ ही अन्य तकनीकी सबूतों जैसे मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन की जांच की जाएगी। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि अभी तक की प्राथमिक जांच में घटना आत्महत्या जैसी लग रही है, लेकिन पति की फरारी और साक्ष्यों की स्थिति को देखते हुए हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने परिजनों और पॉटरी फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों और पॉटरी फैक्ट्री संचालकों में दहशत का माहौल है। खुर्जा नगर और खुर्जा देहात थाना पुलिस की संयुक्त टीम घटना के हर पहलू पर काम कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या किसी आपसी रंजिश या पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और यदि इसमें किसी की आपराधिक भूमिका पाई गई, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- मां को मिले खून से सने जूते, 1 महीने बाद कब्र खोदकर निकाला गया मासूम का शव; जानिए क्या है पूरा मामला



