सीएमएस गोल्फ सिटी ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी, जीडी गोयनका उपविजेता

पांचवीं वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे कप चैंपियनशिपमें सीएमएस गोल्फ सिटी के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में कुल 32 पदक जीते, जिनमें 15 स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।

लखनऊ। चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित पांचवीं वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे कप चैंपियनशिप में सीएमएस गोल्फ सिटी ने शानदार और दबदबे वाला प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सीएमएस गोल्फ सिटी के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक जीते, जिनमें 15 स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।

चैंपियनशिप में जीडी गोयनका स्कूल ने भी कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की। विद्यालय के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य पदक सहित कुल 23 पदक जीतकर उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं स्वर्णिम पब्लिक स्कूल ने छह स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदकों के साथ कुल 13 पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस प्रतिष्ठित कराटे प्रतियोगिता में लखनऊ शहर के विभिन्न स्कूलों, एकेडमियों और क्लबों के करीब 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। लिटिल फ्रेंड्स स्कूल, डॉ. श्याम सिंह पब्लिक स्कूल, शिव चंद पब्लिक स्कूल सहित अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों ने भी अपने दमखम का प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया।

प्रतियोगिता के दौरान स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में तनिष्का भट्ट, आद्या अवस्थी, प्राची जायसवाल, साक्षी नाथ, मुस्कान सक्सेना, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, प्रथमेश त्रिपाठी, आराध्या, आर्या, अजबान खान, अरहम खान, अक्शा खान, राइमा खान, रितिका सिंह, ऋषिकेश शर्मा, आर्यव अमित मल्होत्रा, रूद्र आहूजा, नारायण दीप सिंह, प्रणव उपाध्याय, पार्थ मल्होत्रा, अनन्य सिंह, गीतिका सिंह, आर्य पाण्डेय, आर्यन प्रकाश, अक्षिता जैन और सुव्रत दीक्षित प्रमुख रहे। इन खिलाड़ियों ने काता और कुमिते दोनों स्पर्धाओं में अनुशासन, तकनीक और आत्मविश्वास का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।

रजत पदक विजेताओं में मोहलक्षिका सिंह, अन्वेषा श्रीवास्तव, अन्वेषा गुप्ता, अभिजय सिंह, अरमान कात्यायन, अर्पिता वर्मा, नेहा यादव, तेजस्वी यादव, अरस्तू, मनीषा, अद्विका जौहरी, पीहू यादव, शिवि चौधरी, मानवीर सिंह, अथर्व सिंह और अक्षिता शामिल रहीं। इन खिलाड़ियों ने भी अंतिम दौर तक कड़ा संघर्ष कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रोफेसर महेश जी ठक्कर (निदेशक, बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पैलियोसाइंसेज) ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संजय (चेयरपर्सन, जिलाजीत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस), डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह (क्षेत्रीय निदेशक, इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी) तथा वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन (डब्लूएमएसकेएफ) इंडिया के अध्यक्ष क्योशी जसपाल सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिहान संतोष कुमार जयसवाल (महासचिव, वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, उत्तर प्रदेश) ने की, जबकि शिहान कृष्णा अवतार (महासचिव, कराटे एसोसिएशन, लखनऊ) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल एमके सिंह (गढ़वाल रायफल्स) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ विशिष्ट अतिथि डॉ. पूजा सिंह (समाजसेवी), डॉ. देवर्शी रस्तोगी (केजीएमयू), प्रोफेसर मोनिका भंडारी (केजीएमयू) और केबी पंत (सीईओ, उत्तर प्रदेश बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन) मौजूद रहे। अतिथियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button