
नई दिल्ली: गुजरात जायंट्स की प्रमुख खिलाड़ी यास्तिका भाटिया इस वर्ष होने वाले वुमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 से बाहर हो गई हैं। फ्रेंचाइजी ने 10 जनवरी को आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि की। भाटिया ने पिछले साल अक्टूबर में ACL सर्जरी करवाई थी, जिसके कारण उनकी इस सीजन में उपलब्धता हमेशा सवालों के घेरे में रही।
हालांकि, फिट न होने के बावजूद यास्तिका टीम के साथ नवी मुंबई में जुड़ी रही और स्टैंड से अपने साथियों का हौसला बढ़ा रही हैं। गुजरात जायंट्स के कोच माइकल क्लिंगर ने कहा, “उम्मीद है कि आपकी रिकवरी अच्छी चल रही है। हम आपको फिट और मजबूत देखकर अगले WPL सीजन में टीम का हिस्सा बनने का इंतजार कर रहे हैं।”
BCCI की जानकारी और रिप्लेसमेंट की स्थिति
BCCI ने नीलामी से पहले सभी फ्रेंचाइजी को भाटिया की अनुपलब्धता के बारे में सूचित कर दिया था। इसलिए गुजरात जायंट्स इस सीजन में उनका कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी नहीं रख पाएगी। इसके बावजूद टीम ने उन्हें नीलामी में 50 लाख रुपये में खरीदा था। यास्तिका भाटिया उन भारतीय खिलाड़ियों की लंबी सूची में शामिल हैं जो इस सीज़न के बड़े हिस्से के लिए उपलब्ध नहीं होंगी। इसी तरह UP वॉरियर्स की प्रतिका रावल और RCB की पूजा वस्त्राकर भी चोट के कारण टीम के लिए बाहर हैं।
WPL में यास्तिका भाटिया का रिकॉर्ड
पहले तीन सीजन में भाटिया ने मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 28 मैचों में 113.45 के स्ट्राइक रेट से 506 रन बनाए और हेली मैथ्यूज के साथ टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक ओपनिंग पार्टनरशिप में से एक बनाई। इसके अलावा, वह दो बार WPL विजेता टीम का हिस्सा भी रही हैं।
गुजरात जायंट्स की पूरी टीम
एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, रेणुका सिंह, भारती फुलमाली, टिटास साधु, अनुष्का शर्मा, तनुजा कंवर, कशवी गौतम, जॉर्जिया वेयरहम, किम गार्थ, हैप्पी कुमारी, शिवानी सिंह, आयुषी सोनी, राजेश्वरी गायकवाड़, डैनी व्याट।



