
नए साल में शेयर बाजार का पहला बड़ा मौका निवेशकों के सामने आने वाला है। कोल इंडिया की सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) का आईपीओ 9 जनवरी को खुलने जा रहा है। कंपनी ने इस इश्यू के लिए 21 से 23 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के जरिए बीसीसीएल करीब 1,071 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है।
अगर आईपीओ ऊपरी प्राइस बैंड पर जाता है, तो कंपनी का कुल वैल्यूएशन 10,700 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा। यह इश्यू 13 जनवरी को बंद होगा, जबकि 8 जनवरी को एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाई जाएगी।
2026 का पहला IPO, बाजार की नजरें टिकीं
BCCL का यह आईपीओ 2026 का पहला पब्लिक इश्यू होगा। दलाल स्ट्रीट पर इसे खास अहमियत दी जा रही है, क्योंकि यह नए साल में पीएसयू शेयरों को लेकर निवेशकों के रुझान का संकेत देगा। इस इश्यू में कोल इंडिया द्वारा 46.57 करोड़ शेयरों की बिक्री (OFS) की जा रही है, जिसकी कुल वैल्यू ऊपरी प्राइस बैंड पर 1,071.11 करोड़ रुपये बैठती है। यह आईपीओ सरकार की डिवेस्टमेंट रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
16 जनवरी को होगी लिस्टिंग, ऐसे बंटे हैं शेयर
BCCL के शेयरों की लिस्टिंग 16 जनवरी को होने की संभावना है। आईपीओ में
- 50% हिस्सा QIBs (योग्य संस्थागत खरीदारों) के लिए
- 35% गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए
- 15% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है।
देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल कंपनी
क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCL वर्ष 2025 में भारत की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी रही है। कंपनी ने 30 सितंबर 2025 को समाप्त छह महीनों में 15.75 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया। BCCL के पास कुल 34 चालू खदानें हैं, जिनमें भूमिगत, ओपनकास्ट और मिश्रित खदानें शामिल हैं।
पिछले साल के IPO रिकॉर्ड ने बढ़ाया भरोसा
BCCL का यह आईपीओ ऐसे समय आ रहा है, जब पिछले साल आईपीओ बाजार ने रिकॉर्ड बनाया था। 2025 में कंपनियों ने करीब 1.76 लाख करोड़ रुपये आईपीओ के जरिए जुटाए थे। मजबूत घरेलू लिक्विडिटी, निवेशकों का भरोसा और बेहतर आर्थिक माहौल इसकी बड़ी वजह रहा।
GMP ने बढ़ाई उम्मीदें
investorgain के मुताबिक, 5 जनवरी दोपहर 1:35 बजे तक BCCL का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 71.74% दर्ज किया गया। इसका मतलब है कि लिस्टिंग के समय शेयर इश्यू प्राइस से काफी ऊपर खुल सकता है।



