9.5 लाख नौकरियां दे चुकी योगी सरकार, अखिलेश के आरोपों को मंत्री ने किया खारिज

विश्वकर्मा जयंती पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का सपा पर तीखा हमला

वाराणसी। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के मौके पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया। छुट्टी, बेरोजगारी, एक्सप्रेसवे में कथित भ्रष्टाचार और रोजगार को लेकर अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कहने और करने में बहुत बड़ा अंतर होता है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक 9.5 लाख लोगों को रोजगार दे चुकी है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उनका कहना था कि उनकी सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करके भी दिखाती है।

इसे भी पढ़ें- नक्सलवाद खत्म, 370 हटा, राजनाथ ने गिनाईं मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां

मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यह दिन खास इसलिए भी है क्योंकि वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री का जन्मदिन होने के साथ-साथ सृष्टि रचयिता भगवान विश्वकर्मा की पूजा का भी अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना व्यक्त की।

 भगवान विश्वकर्मा को जानना ज्यादा जरूरी

अखिलेश यादव द्वारा विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने और रिवर फ्रंट पर मंदिर निर्माण के वादे पर टिप्पणी करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि छुट्टी की घोषणा का कोई विशेष महत्व नहीं है।

Hansraj Vishwakarma

उनके अनुसार, इससे कहीं ज्यादा आवश्यक यह है कि लोग भगवान विश्वकर्मा के जीवन और विचारों को जानें, उनके बारे में पढ़ें और उन आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाएं।

बेरोजगारी के आरोपों को नकारा

अखिलेश यादव के बेरोजगारी संबंधी बयान को खारिज करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि देश के युवा आज वाराणसी से वडनगर तक बाइक यात्रा पर निकल चुके हैं। प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर और उनकी कर्मभूमि वाराणसी को जोड़ने वाली यह यात्रा एक सशक्त संदेश दे रही है।

सपा-बसपा शासन में भ्रष्टाचार आम बात

एक्सप्रेसवे निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों पर हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि, केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को 12 साल और उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार को साढ़े नौ साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस पूरे कार्यकाल में कोई भी मंत्री या विधायक भ्रष्टाचार के किसी मामले में लिप्त नहीं पाया गया। इसके विपरीत उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और बसपा की सरकारों के दौर में भ्रष्टाचार एक सामान्य बात हुआ करती थी।

रोजगार देने के अखिलेश यादव के वादे पर पलटवार करते हुए राज्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार अब तक 9.5 लाख लोगों को नौकरी दे चुकी है, और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। कहने और करने में बड़ा फर्क होता है। हमारी सरकार जो कहती है, उसे पूरा करके भी दिखाती है। अखिलेश यादव के शासनकाल में क्या हुआ और क्या नहीं हुआ, यह किसी से छिपा नहीं है।”

राहुल गांधी को बताया अखिलेश का संरक्षक

यूपीआई भुगतान व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह विरोध इसलिए किया जा रहा है क्योंकि राहुल गांधी उनके संरक्षक की भूमिका में हैं। उन्होंने दोनों नेताओं के बीच आपसी तालमेल का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी राहुल गांधी किसी बात का विरोध करेंगे, अखिलेश यादव भी उसी सुर में विरोध जताएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर कोई असर नहीं पड़ता और योजनाएं पहले की तरह निरंतर लागू होती रहेंगी।

 

इसे भी पढ़ें- काशी में मना पीएम मोदी का जन्मदिन, योगी-राजनाथ समेत एनडीए नेताओं ने की पूजा-अर्चना

Related Articles

Back to top button