काशी में मना पीएम मोदी का जन्मदिन, योगी-राजनाथ समेत एनडीए नेताओं ने की पूजा-अर्चना

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, CM योगी बोले- आज का दिन हम सब के लिए गर्व और सौभाग्य से भरा

  • बटुकों, तीर्थ पुरोहितों और स्वच्छता प्रहरियों का हुआ सम्मान, भेंट किए गए अंगवस्त्रम, दक्षिणा और प्रसाद

  • बड़नगर से काशी पहुंचे बाइकर्स से मुख्यमंत्री योगी ने की बात, प्रसाद भी बांटा गया

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर गुरुवार को काशी में भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता एकत्र हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की।

इसे भी पढ़ें-  18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन शुरू, 7 साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग, पीएम मोदी से आज होगी मुलाकात

बड़नगर से काशी तक निकली बाइक रैली

मंदिर के अर्चक श्रीकांत शर्मा ने षोडशोपचार विधि से यह पूजन संपन्न कराया। इस दौरान सभी नेताओं ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की। यह पूरा कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

CM YOGI

इस अवसर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि, आज का दिन हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य लेकर आया है, क्योंकि आज भारत के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बाबा विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन कर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई, साथ ही वहां के पुरोहितों और आचार्यों को सम्मानित भी किया गया।

बड़नगर से काशी तक निकाली गई बाइक रैली में शामिल बाइकर्स से मुख्यमंत्री ने संवाद किया और उन्हें प्रसाद भी वितरित किया। इसके अतिरिक्त श्री काशी विश्वनाथ धाम में सेवारत सफाई कर्मचारियों को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान अगले एक महीने यानी 17 अक्टूबर तक चलता रहेगा। इसी अभियान की कड़ी में काशी में विशेष पूजन-अर्चन के साथ-साथ बटुकों और तीर्थ पुरोहितों के सम्मान, स्वच्छता प्रहरियों के नागरिक अभिनंदन और बड़नगर से पहुंचे बाइकर्स के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्वच्छता प्रहरियों का हुआ अभिनंदन

विशेष पूजन संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में मंगलाचरण करने वाले बटुकों और तीर्थ पुरोहितों को सम्मानित किया गया, जिन्हें अंगवस्त्रम और दक्षिणा भेंट की गई। साथ ही विश्वनाथ धाम में सेवारत स्वच्छता प्रहरियों का भी नागरिक अभिनंदन किया गया और उन्हें प्रसाद, अंगवस्त्रम व दक्षिणा प्रदान की गई। सम्मान समारोह में बांटी गई सामग्री पर्यावरण के अनुकूल जूट के थैलों में दी गई।

प्रधानमंत्री आजीवन स्वस्थ रहें: राजनाथ सिंह

कार्यक्रम में बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने  कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी में यह पूजा-अर्चना आयोजित की गई। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री मोदी सदैव स्वस्थ रहें, जिससे विकसित भारत का लक्ष्य पूरा किया जा सके।

देश को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है: नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि, काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाया जाना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पूरे देश को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है, क्योंकि उन्होंने देश को कई उपलब्धियां दिलाई हैं। नायडू ने विश्वास जताया कि आने वाले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र बनकर उभरेगा। इस कार्यक्रम में सेवा संकल्प यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक बीडी शर्मा और बनारस यात्रा के संयोजक जेपीएस राठौर सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

 

इसे भी पढ़ें- मोदी के जन्मदिन पर यूपी के हर गांव में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, योगी ने बताया पूरा प्लान 

Related Articles

Back to top button