मुंबई। सितारों से सजी भारतीय टीम टी20 विश्व कप में शनिवार को आत्मविश्वास से भरी अमेरिकी टीम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत का लक्ष्य न केवल शानदार जीत से आगाज करना है, बल्कि खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाना भी है। इस मुकाबले में खिलाड़ियों के कंधों पर जहां क्रिकेटप्रेमियों की बड़ी उम्मीदें होंगी, वहीं टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।
टी20 विश्व कप 2024 की विजेता भारतीय टीम के दो मजबूत स्तंभ विराट कोहली और रोहित शर्मा भले ही इस प्रारूप से संन्यास ले चुके हों, लेकिन इसके बावजूद भारत को टूर्नामेंट का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। विश्व कप जीत के बाद भारत ने नौ द्विपक्षीय श्रृंखलाएं अपने नाम की हैं, जिनमें पिछले वर्ष एशिया कप की खिताबी जीत भी शामिल है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव, जो पिछले साल पूरे सत्र में खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, अब पूरी तरह लय में लौट आए हैं। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी शानदार फॉर्म के साथ टीम में वापसी की है। ईशान और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी से भारतीय टीम को खास उम्मीदें हैं, क्योंकि दोनों ने हालिया मुकाबलों में प्रभावी प्रदर्शन किया है।
भारत की मौजूदा टीम की तुलना 2007 वनडे विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से की जा रही है। हालांकि दोनों प्रारूप अलग हैं, लेकिन सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में यह टीम हर विभाग में संतुलित और परिपक्व नजर आ रही है। मध्यक्रम में तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी ऑलराउंडर, शिवम दुबे और अक्षर पटेल की मौजूदगी बल्लेबाजी को मजबूती देती है। इसके अलावा रिंकू सिंह जैसा भरोसेमंद फिनिशर भी भारत के पास है।
It all starts tomorrow 😍
Just 1⃣ day to go for #TeamIndia's opening fixture in the #T20WorldCup 🥳#MenInBlue pic.twitter.com/qQpHSD9pZd
— BCCI (@BCCI) February 6, 2026
गेंदबाजी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कार्यभार प्रबंधन विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बेहद समझदारी से किया गया है। उनके साथ अर्शदीप सिंह नई गेंद से आक्रमण संभालेंगे, जबकि हर्षित राणा भी टीम में शामिल हैं। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के रूप में भारत के पास इस प्रारूप के दो बेहतरीन स्पिनर मौजूद हैं। हालांकि ओस की भूमिका इस मुकाबले में अहम हो सकती है, जिस पर पहले टी20 विश्व कप विजेता कप्तान एमएस धोनी भी संकेत कर चुके हैं।
चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संतुलित टीम का चयन किया है, जिसमें शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नाम शामिल नहीं हैं। वहीं संजू सैमसन को अंतिम एकादश में जगह मिलना भी मुश्किल माना जा रहा है।
अमेरिकी टीम में सूर्यकुमार यादव को कई परिचित चेहरे नजर आएंगे। उन्होंने इसी मैदान पर शुभम रंजने, हरमीत सिंह और सौरभ नेत्रवलकर के साथ कभी ड्रेसिंग रूम साझा किया है। पिच और परिस्थितियों की जानकारी का फायदा इन तीनों ‘मुंबईकर’ खिलाड़ियों को मिल सकता है।
अमेरिका ने पिछली बार सह-मेजबानी में आयोजित टी20 विश्व कप में पूर्व चैंपियन पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई थी और भारत को भी कड़ी चुनौती दी थी। अमेरिकी टीम ने पिछले साल नौ में से आठ मुकाबले जीते हैं और विश्व कप से पहले श्रीलंका में तीन सप्ताह का विशेष शिविर भी लगाया है।
अमेरिकी कप्तान मोनांक पटेल शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें साइतेजा मुक्कमल्ला तथा मिलिंद कुमार का अच्छा साथ मिल रहा है। गेंदबाजी में सौरभ नेत्रवलकर, हरमीत सिंह और शुभम रंजने टीम की मुख्य ताकत होंगे। अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर देने वाली अमेरिकी टीम महज सात रन से हार गई थी, जिससे उसका आत्मविश्वास भी ऊंचा है।
टीमें : भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,वरूण चक्रवर्ती ।
अमेरिका : मोनांक पटेल (कप्तान ), आंद्रिस गौस, साइतेजा एम, शायन जहांगीर, हरमीत सिंह, शेहान जयसूर्या, संजय कृष्णमूर्ति, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजने, शाडले वान शाकविक, अली खान, जसदीप सिंह, नोस्तुश केनिजे, सौरभ नेत्रवलकर ।
मैच का समय : शाम सात बजे से ।



