राहुल गांधी ने ‘मोहम्मद दीपक’ को लगाया गले, कहा- ‘कोटद्वार आकर जिम की मेंबरशिप लेंगे’

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सोमवार को उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक से मुलाकात की। उनकी ये मुलाकात दिल्ली के 10 जनपथ स्थित कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास पर हुई, जहां राहुल गांधी ने दीपक को गर्मजोशी से गले लगाया और उनकी बहादुरी की सराहना की। राहुल ने दीपक से कहा कि वे जल्द कोटद्वार आएंगे और उनके जिम की सदस्यता लेंगे।

इसे भी पढ़ें- कोटद्वार विवाद में हुई राहुल गांधी की एंट्री, दीपक को बताया ‘बब्बर शेर’ BJP पर लगाया नफरत फैलाने का आरोप

कोटद्वार विवाद से आए थे चर्चा में

आपको बता दें कि, दीपक कुमार उस वक्त चर्च में आए थे, जब 26 जनवरी 2026 को कोटद्वार के पटेल मार्ग में एक मुस्लिम बुजुर्ग दुकानदार वकील अहमद की दुकान ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ के नाम को लेकर विवाद हुआ था। दरअसल, कथित तौर पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि, यह हिंदू देवता का अपमान है। दुकान 30 साल पुरानी है और नाम में ‘बाबा’ पहले से था। कार्यकर्ता दुकान के बाहर जमा हो गए और दुकानदार पर नाम हटाने का दबाव बनाने लगे। इसी दौरान जिम संचालब दीपक कुमार (42) दुकानदार के बचाव में उत्तर आए।

राहुल ने बताया, भारत का हीरो

राहुल गांधी

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बहस की और इस दौरान उन्होंने खुद का नाम मोहम्मद दीपक बताया। दीपक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें वह कह रहे हैं कि, नाम से कोई फर्क नहीं पड़ता, इंसानियत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया। इस घटना के बाद दीपक को सोशल मीडिया पर ‘मोहम्मद दीपक’ कहा जाने लगा। राहुल गांधी ने तुरंत X पर पोस्ट कर उन्हें  ‘भारत का हीरो और बब्बर शेर’ बताया। राहुल ने कहा कि, वे संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं।कांग्रेस ने भी दीपक की तारीफ की।

घटी जिम की सदस्यता

हालांकि, दीपक को धमकियां मिलीं, उनकी जिम की सदस्यता 150 से घटकर 15 रह गई। कई जगहों पर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने दीपक को आश्वस्त किया कि उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है, उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया। राहुल ने कहा, आपने अच्छा काम किया है। ऐसी ही लौ हर युवा में जलनी चाहिए। उन्होंने दीपक की पत्नी से फोन पर बात की और परिवार का हालचाल पूछा। मुलाकात में कांग्रेस नेता वैभव वालिया (जो भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ थे), दीपक के दोस्त विजय रावत और अन्य मौजूद थे। राहुल ने दीपक को सोनिया गांधी से भी मिलवाया।

इंसानियत के लिए खड़ा हुआ- दीपक

मुलाकात के बाद दीपक ने मीडिया से कहा, राहुल ने मुझे बुलाया था। उन्होंने मेरे परिवार से बात की और कहा कि डरने की कोई जरूरत नहीं, आपने कोई गलत काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि वे कोटद्वार आएंगे और मेरी जिम की सदस्यता लेंगे। दीपक ने कहा कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ अपना जिम चलाना चाहते हैं और इंसानियत के लिए खड़े रहेंगे।

कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने कहा,राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से ‘मोहब्बत की दुकान’ का संदेश दिया था। मोहम्मद दीपक ने उसी को आगे बढ़ाया है। हम राहुल जी के आभारी हैं कि उन्होंने इंसानियत और मोहब्बत के लिए खड़े होने वाले उत्तराखंड के नौजवान का सम्मान किया। कांग्रेस ने X और Instagram पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं।

‘यूनाइट ह्यूमैनिटी मार्च’ निकालेंगे दीपक

पोस्ट में लिखा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात की। मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की मिसाल पेश की है, जो देश के हर युवा को अन्याय और नफरत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा। हर इंसान बराबर है, यही भारतीयता है, यही मोहब्बत की दुकान है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब उत्तराखंड में धार्मिक ध्रुवीकरण और छोटे-मोटे विवाद बढ़ रहे हैं। दीपक की घटना ने देशभर में बहस छेड़ दी कि नाम, धर्म से ऊपर इंसानियत कैसे महत्वपूर्ण है।

राहुल गांधी की यह मुलाकात ‘मोहब्बत की दुकान’ और ‘भारत जोड़ो’ के संदेश को मजबूत करती है, जहां वे नफरत के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक पेश कर रहे हैं। दीपक ने कहा कि वे अब ‘यूनाइट ह्यूमैनिटी मार्च’ निकालने की योजना बना रहे हैं, ताकि लोग धर्म से ऊपर इंसानियत के लिए खड़े हों। राहुल की मुलाकात और जिम सदस्यता का वादा दीपक के लिए बड़ा समर्थन साबित हुआ है। यह घटना राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

इसे भी पढ़ें- कोटद्वार में हिंदू युवक दीपक ने बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार को बचाया, नफरत फैलाने वालों को खदेड़ा!

Related Articles

Back to top button