सीएम धामी और स्वामी रामदेव ने जारी किया बाबा नीम करौरी पर बनी फिल्म का पोस्टर और प्रोमो

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग गुरु स्वामी रामदेव तथा परमार्थ निकेतन के केंद्रीय अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने संयुक्त रूप से बहुप्रतीक्षित आध्यात्मिक फिल्म ‘श्री बाबा नीम करौरी महाराज’ का सोमवार को यहां प्रोमो और पोस्टर का भव्य विमोचन किया। यह फिल्म आगामी 24 अप्रैल को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने केंद्र से मांगी ‘नमो भारत’, मंजूर हुआ प्रस्ताव तो बदल जाएगी प्रदेश की तस्वीर

भक्तों के लिए बड़ा उपहार

गौरतलब है कि, उत्तराखंड सदियों से साधकों, संतों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था व साधना का प्रमुख केंद्र रहा है। इस पावन भूमि में स्थित है दिव्य तीर्थ कैंची धाम, जो बाबा नीम करौरी महाराज की साधना स्थली है, यहां की हवाओं में आज भी आध्यात्मिकता का वास है।

Baba Neem Karoli A

इसी पावन परंपरा को वैश्विक पटल पर और मजबूती से रखने के लिए सोमवार को राजधानी देहरादून में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्री बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म का प्रोमो और पोस्टर जारी किया। यह फिल्म न केवल बाबा के भक्तों के लिए एक उपहार है, बल्कि आधुनिक सिनेमा के माध्यम से सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास भी है।

वैश्विक तीर्थ स्थली है बाब नीम करौरी

नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम, जो बाबा नीब करौरी की तपस्थली है, आज एक वैश्विक तीर्थ बन चुका है, यहां की दिव्यता और शांति ने मार्क जुकरबर्ग और स्टीव जॉब्स जैसी दुनिया की महान विभूतियों को भी अपनी ओर आकर्षित किया है। फिल्म विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, यह फिल्म महज एक फिल्मी प्रस्तुति नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, करुणा और सेवा के उन आदर्शों का जीवंत दस्तावेज है जिसे बाबा ने अपने जीवन भर जिया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि, बाबा नीब करौरी का दिव्य जीवन आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है, क्योंकि उनकी शिक्षाएं हमें भौतिकता की अंधी दौड़ से निकलकर सरलता और मानवता की ओर ले जाती हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित योग गुरु स्वामी रामदेव ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक चेतना का एक नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी ने कभी किसी विशेष आडंबर का प्रचार नहीं किया, बल्कि उनका पूरा जीवन सबकी सेवा और सबके प्रति प्रेम पर आधारित था।

कैची धाम की महिमा को मिलेगा नया आयाम

स्वामी रामदेव ने विश्वास व्यक्त किया कि, सिनेमा के माध्यम से जब बाबा के चमत्कार और उनके मानवतावादी दृष्टिकोण को युवा पीढ़ी देखेगी, तो उनमें अपनी संस्कृति के प्रति गर्व का भाव जगेगा। वहीं, स्वामी चिदानंद सरस्वती ने भी इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि, यह फिल्म देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा प्रदान करेगी और कैंची धाम की महिमा को वैश्विक स्तर पर एक नया आयाम देगी।

Baba Neem Karoli A

फिल्म के तकनीकी और रचनात्मक पहलुओं की बात करें तो इसमें बाबा के साधारण दिखने वाले, लेकिन असाधारण प्रभाव वाले व्यक्तित्व को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ फिल्माया गया है। फिल्म के दृश्य कैंची धाम और उसके आसपास की पहाड़ियों की वास्तविक लोकेशंस पर आधारित हैं, जो दर्शकों को सीधे उस दिव्य कालखंड में ले जाने की क्षमता रखते हैं।

24 अप्रैल की तारीख को लेकर देश भर के सिनेमाघरों और बाबा के अनुयायियों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि, जिस तरह से समाज में आज आध्यात्मिक और प्रेरक कहानियों की मांग बढ़ी है, उसे देखते हुए यह फिल्म सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। ये फिल्म 24 अप्रैल को रिलीज होगी।

 

इसे भी पढ़ें-  पिता की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सीएम धामी, पूर्व सैनिकों को दी करोड़ों की सौगात

Related Articles

Back to top button