
-
250 मोटरसाइकिलों पर सवार 500 सेवा यात्रियों ने वाराणसी से वडनगर के लिए प्रस्थान किया
-
पवित्र नदियों का जल लेकर कलश यात्रा भी रवाना
वाराणसी। प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कई आयोजन किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को काशी से प्रधानमंत्री के गृहनगर वडनगर के लिए ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुरू हुई, जिसमें 500 सेवा यात्री 250 बाइकों पर सवार होकर शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें-काशी में मना पीएम मोदी का जन्मदिन, योगी-राजनाथ समेत एनडीए नेताओं ने की पूजा-अर्चना

सिगरा के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से इस यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा अलग-अलग रास्तों से होते हुए वडनगर पहुंचेगी, जहां सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम भी होंगे।
काशी से वडनगर तक पवित्र नदियों का जल
अभियान के तहत काशी से वडनगर तक एक कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा, सरयू जैसी प्रमुख नदियों और पवित्र संगमों का जल शामिल किया गया।
#LIVE: प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ।https://t.co/Xiy6mD9DFC
— Government of UP (@UPGovt) September 17, 2026
काशी से 10 अलग-अलग यात्राएं वडनगर के लिए रवाना हुईं, जो अपने साथ ले जाया जा रहा यह जल वडनगर के हाटकेश्वर मंदिर में अर्पित करेंगी। इसके उलट वडनगर से आने वाली यात्रा कई नदियों का जल काशी लाकर बाबा विश्वनाथ को अर्पित करेगी। इस तरह दोनों स्थानों को आस्था और सेवा के धागे से जोड़ने का प्रयास हो रहा है।
मोदी-योगी के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना सौभाग्य
झारखंड से आए सेवा यात्री प्रदीप मुखर्जी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि, इस राष्ट्रसेवा के प्रति उनका जोश किसी पैमाने से नहीं आंका जा सकता और चयनित होना उनका सौभाग्य है। झारखंड से 17 सदस्यों का दल वाराणसी से वडनगर तक इस यात्रा में शामिल है।
कानपुर के सेवा यात्री रजत मिश्रा ने बताया कि, यात्रा की जानकारी मिलते ही उन्होंने स्वेच्छा से आवेदन किया था। उनके अनुसार नए भारत के निर्माण और सेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाने में योगदान देना उनके लिए गर्व की बात है। काशी से वडनगर तक निकल रही यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में विविध सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन शुरू, 7 साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग, पीएम मोदी से आज होगी मुलाकात



