हेल्थ टिप्स: क्या सच में प्याज खाने से नहीं लगती लू, जानिए एक्सपर्ट की राय

इस समय उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी और हीट वेव कहर बरपा रही है। जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है, वैसे-वैसे लू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में गर्मी से बचने के लिए बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग तो बढ़ी ही है, साथ ही सोशल मीडिया पर तमाम घरेलू नुस्खे भी बताए जा रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि, इन्हें अपनाने से लू नहीं लगेगी। इनमें सबसे प्रमुख और पुराना नुस्खा है प्याज।

आपने भी कई बार घर के बड़े-बुजुर्गों को कहते सुना होगा कि, जेब में प्याज रखकर बाहर निकलो या कच्चा प्याज खाओ तो लू नहीं लगेगी। लेकिन क्या वाकई में एक छोटा सा प्याज आपको लू के प्रकोप से बचा सकता है। आइए जानते हैं क्या कहता है विज्ञान या फिर सिर्फ ये एक मिथक है।

इसे भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: एक्सरसाइज और अच्छी डाइट लेने के बाद भी क्यों नहीं बढ़ रहा हीमोग्लोबिन?

सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि ‘लू’ या हीटस्ट्रोक असल में क्या है। जब हमारा शरीर बाहरी गर्मी के कारण इतना गर्म हो जाता है कि, उसका प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम यानी पसीना आना कम हो जाता है, तब लू लगती है। इस कंडीशन में शरीर का तापमान 104 डिग्री फारेनहाइट से ऊपर जा सकता है, जिससे सिरदर्द, चक्कर आना, मितली और गंभीर स्थिति में बेहोशी भी हो सकती है। यह एक मेडिकल इमरजेंसी है, जिसे केवल घरेलू नुस्खों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

Onion For Heatstroke

अब बात करते हैं प्याज के उस दावे की, जिसे सदियों से आजमाया जा रहा है। मान्यता है कि, प्याज गर्मी को सोख लेता है। आयुर्वेद में भी प्याज को शीतल प्रकृति का माना गया है, जो शरीर को अंदर से ठंडक प्रदान करता है, लेकिन अगर हम आधुनिक चिकित्सा विज्ञान यानी एलोपैथी की बात करें, तो डॉक्टरों का मानना है कि, प्याज को जेब में रखने से लू से बचाव का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।

मिलते हैं ये फायदे

प्याज में ऐसा कोई जादुई तत्व नहीं हो जो आपको हीटवेव से बचा ले। इससे बचने का एकमात्र तरीका है शरीर को हाइड्रेटेड रखें और धूप से बचें। हालांकि प्याज के कुछ फायदे होते हैं, जो हमें गर्मी से बचाते हैं। दरअसल, प्याज में लगभग 89% पानी होता है, जो शरीर में तरल पदार्थ की कमी को पूरा करने में सहायक होता है। इसके साथ ही प्याज में क्वेरसेटिन नामक एक तत्व पाया जाता है, जिसमें एंटी-हिस्टामाइन गुण होते हैं, जो गर्मी में होने वाली त्वचा की एलर्जी या जलन में यह राहत दे सकता है। इसमें मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम शरीर के इलेक्ट्रोलाइट संतुलन को बनाए रखने में भी सहायक होते हैं, इसीलिए गर्मियों में प्याज का सेवन जरूर करना चाहिए, लेकिन ये इस बात की गारंटी नहीं होती कि, लू नहीं लगेगी।

प्याज खाने के नुकसान

एक्सपर्ट्स का कहना है कि, ज्यादा प्याज खाने के कुछ नुकसान भी हैं। जैसे कि, कई लोगों को कच्चा प्याज खाने से एसिडिटी, सीने में जलन या पेट फूलने की समस्या हो जाती है। खास कर वे लोग जिनका पाचन तंत्र संवेदनशील है। ऐसे लोगों को प्याज का कम से कम सेवन करना चाहिए।

Onion For Heatstroke

आयुर्वेद के अनुसार, अगर आप प्याज का सेवन करना चाहते हैं, तो इसे छाछ के साथ या नींबू निचोड़कर सलाद के रूप में ले सकते हैं, जो फायदेमंद होता है। कुछ क्षेत्रों में भुने हुए प्याज का रस भी लू के उपचार में इस्तेमाल किया जाता है, जो शरीर के तापमान को कम करने में सहायक माना जाता है।

जीवनशैली में बदलाव जरूरी

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि, लू से बचने के लिए आपको अपनी जीवनशैली में कुछ जरूरी बदलाव करने चाहिए। जैसे कि, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना। शरीर में पानी की कमी लू की सबसे बड़ी वजह बनती है। इसके लिए आप सादा पानी के अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, बेल का शरबत या आम पन्ना जैसे पारंपरिक पेयों पदार्थों का सहारा ले सकते हैं। ये न केवल आपको ठंडा रखते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी मिनरल्स भी देते हैं।

इसके अलावा अगर कोई बहुत जरूरी काम न हो तो दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर न निकलें क्योंकि, इस समय सूरज की किरणें सबसे तीखी होती हैं, लेकिन अगर बाहर जाना अनिवार्य हो, तो सूती और ढीले कपड़े पहनकर निकलें, ताकि शरीर को हवा मिलती रहे। इसके साथ ही सिर को टोपी, अंगोछे या छतरी से जरूर ढंके। प्याज आपकी डाइट का हिस्सा तो हो सकता है, लेकिन ये लू से बचने का साधन नहीं है।

 

इसे भी पढ़ें- क्या दूध पीने से हो सकता है पार्किंसन, जानिए क्या कहते हैं हेल्थ एक्सपर्ट

Related Articles

Back to top button