
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के अपने विजन को लगातार धार दे रहा है। इसी क्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बुधवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और मेयर सुषमा खर्कवाल ने जोन-4 के भैंसोरा क्षेत्र में बने अत्याधुनिक FCTS प्लांट का उद्घाटन किया। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस प्लांट की रोजाना 150 टन कूड़े के प्रसंस्करण की क्षमता है। यह प्लांट न केवल शहर के बढ़ते कचरे की समस्या का समाधान करेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहन प्रोत्साहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसे भी पढ़ें- जनगणना-2027: लखनऊ में तैयारियां तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश
150 चार्जिंग पॉइंट भी बने
प्लांट परिसर में 150 इलेक्ट्रिक कूड़ा वाहनों के चार्जिंग पॉइंट्स भी बनाए गए हैं, जो नगर निगम की हरित परिवहन नीति को और मजबूती देंगे। उद्घाटन समारोह में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, मेयर सुषमा खर्कवाल, पार्षद ममता रावत और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर प्लांट का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे।

मंत्री एके शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि, लखनऊ को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर नजर नहीं आना चाहिए। प्रत्येक वार्ड में कचरे का रोजाना संग्रहण हो और उसका वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
स्वच्छता कोई एक दिवसीय अभियान नहीं है बल्कि यह निरंतर प्रक्रिया है जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। श्री शर्मा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई और जलभराव की पुरानी समस्याओं को दूर करने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
पूरा हुआ नाले का निर्माण कार्य
उन्होंने बताया कि, फैजुल्लागंज में लंबे समय से लंबित नाले का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि किला मोहम्मदी नाले का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस बार लखनऊ को स्वच्छता सूचकांक में और बेहतर रैंकिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि, उनकी मेहनत के बिना यह लक्ष्य हासिल नहीं हो सकता। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि वे भी अपनी जिम्मेदारी समझें और कूड़े को सही जगह पर ही फेंके।
मेयर ने भैंसोरा FCTS प्लांट को शहर की स्वच्छता व्यवस्था में एक गेम चेंजर बताया और उम्मीद जताई कि इससे आसपास के इलाकों में खुले में कूड़ा इकट्ठा होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। नगर निगम ने पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक योजना बनाई है। शहर के आठ जोनों में कुल 51 जगहों पर PCTS और FCTS प्लांट बनाने का काम चल रहा है। इनमें से 24 प्लांट पहले ही चालू हो चुके हैं, 15 पर निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और बाकी 12 स्थानों पर जल्द ही काम शुरू होने वाला है।
दो एकड़ में फैला है प्लांट
भैंसोरा प्लांट के शुरू होने से भरवारा, मल्हौर, खरगापुर, गोमती नगर विस्तार और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो जाएगी। इन क्षेत्रों में पहले से चिन्हित गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स को भी धीरे-धीरे खत्म किया जाएगा। यह प्लांट लगभग दो एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां 150 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट्स की व्यवस्था की गई है। परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया गया है और अब तक लगभग 4000 पौधों का रोपण किया जा चुका है। भविष्य में और अधिक हरियाली विकसित करने की योजना है।

यह प्लां,ट आधुनिक तकनीक से लैस है जिसमें कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर संसाधित किया जाएगा। इससे न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि कंपोस्ट खाद के रूप में उपयोगी उत्पाद भी तैयार हो सकेगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि, इन प्लांट्स से कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक कुशल बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, प्लांट्स का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए और नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
जीरो वेस्ट सिटी की दिशा में बढ़ा लखनऊ
नगर निगम इन प्लांट्स के माध्यम से लखनऊ को जीरो वेस्ट सिटी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण से बदबू, मक्खी-मच्छर, जल प्रदूषण और वायु प्रदूषण जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से शहर का कार्बन फुटप्रिंट भी कम होगा। नगर निगम भविष्य में और अधिक FCTS और PCTS प्लांट स्थापित करने के साथ-साथ वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की संभावनाओं पर भी काम कर रहा है। साथ ही नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता अभियान, वर्कशॉप और स्कूल कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

सरकार और नगर निगम का लक्ष्य है कि, लखनऊ न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का एक स्वच्छ और मॉडल शहर बने। भैंसोरा FCTS प्लांट का उद्घाटन लखनऊ की स्वच्छता यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। यह प्लांट न केवल 150 टन रोजाना कूड़े के निस्तारण की क्षमता रखता है बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का भी प्रतीक है।
प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील
नगर विकास मंत्री एके शर्मा, मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और समूची नगर निगम टीम के प्रयासों से लखनऊ तेजी से स्वच्छ और रहने योग्य शहर बन रहा है। यदि आम नागरिक भी प्लास्टिक का कम उपयोग करें, कूड़े को सेग्रीगेट करें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें तो लखनऊ को स्वच्छता में देश के टॉप शहरों में शामिल होना तय है।
इसे भी पढ़ें- लखनऊ मेट्रो फेज-2 पर काम शुरू, 18 हेक्टेयर में बनेगा डिपो, इन घने इलाकों से गुजरेगी ट्रेन



