सीएम धामी ने युवाओं में भरी राष्ट्रवाद की भावना, कहा- ‘भारत को नई पहचान दिलाने का आधार हो आप’

  •  डीएवी पीजी कॉलेज में सीएम धामी का बड़ा ऐलान
  • छात्रों के लिए दो नए फ्लोर की घोषणा और नकल माफियाओं को सख्त संदेश

 देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित महाविद्यालय डी.ए.वी. पीजी कॉलेज, देहरादून में आयोजित भव्य छात्रसंघ समारोह में शिरकत की और युवाओं में राष्ट्र की सेवा का नया जोश भरा। सीएम की मौजूदगी से छात्र बेहद उत्साहित दिखे।

इसे भी पढ़ें- सीएम धामी ने केंद्र से मांगी’नमो भारत’, मंजूर हुआ प्रस्ताव तो बदल जाएगी प्रदेश की तस्वीर

भावुक नजर आए सीएम

छात्र संघ समारोह को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि, आज का युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वह जीवंत वर्तमान भी है जिसकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार की सोच आधुनिक भारत के विकास की दिशा और दशा निर्धारित कर रही है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि, आप युवाओं में राष्ट्रवाद की जो प्रेरणा दिखाई देती है, वही उत्तराखंड और भारत को एक नई पहचान दिलाने का आधार बनेगी।

CM Dhami

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कुछ पल के लिए भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपने विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता होने के समय को स्मरण करते हुए कहा कि, छात्र राजनीति केवल सत्ता पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्माण की सबसे बड़ी पाठशाला है।

पीएम मोदी के विजन को सराहा

उन्होंने कहा कि, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों से जुड़कर ही युवाओं में चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास होता है, जो आगे चलकर उन्हें देश की सीमाओं से लेकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का उल्लेख करते हुए छात्र-छात्राओं को समझाया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना या आजीविका कमाना नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका अंतिम लक्ष्य एक सशक्त चरित्र का निर्माण और राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि, आज केंद्र सरकार की हर योजना के केंद्र में देश का युवा है। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि, इन योजनाओं ने न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि उन्हें वैश्विक पटल पर प्रतिस्पर्धा करने के योग्य भी बनाया है।

बुनियादी ढांचों में सुधार की चर्चा

उत्तराखंड राज्य भी इसी विजन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। मुख्यमंत्री ने गौरव के साथ साझा किया कि, राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में नई शिक्षा नीति के तहत अब राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि हमारे युवा तकनीकी युग में किसी से पीछे न रहें। इसके अतिरिक्त, साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में वैज्ञानिक अनुसंधान और जिज्ञासा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

CM Dhami

राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बुनियादी सुधारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि, वर्तमान में सरकार प्रदेश के कोने-कोने तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि, प्रदेश में नौ नए महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है और बीस मॉडल कॉलेजों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके साथ ही महिला छात्रावासों, आईटी लैब और आधुनिक परीक्षा भवनों के निर्माण के जरिए शिक्षण संस्थानों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है।

तीस हजार युवाओं को मिली नौकरी

मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नई भर्तियों की प्रक्रिया को भी तेज करने का आश्वासन दिया। बड़ी संख्या में मौजूद विद्यार्थियों में जोश भरते हुए श्री धामी ने कहा कि, युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनकी सरकार ने राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है।

CM Dhami

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि, अब किसी भी नकल माफिया को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और इसी पारदर्शिता का परिणाम है कि, पिछले चार वर्षों में प्रदेश के तीस हजार से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्राप्त हुई हैं।

समारोह के सबसे उत्साहजनक क्षण में मुख्यमंत्री धामी ने डीएवी पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों को एक बड़ी सौगात देते हुए कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तलों (प्रथम एवं द्वितीय तल) के निर्माण की आधिकारिक घोषणा की। इस घोषणा से महाविद्यालय में कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए स्थान की कमी दूर होगी, जिसका लाभ आने वाली कई पीढ़ियों को मिलेगा।

 

इसे भी पढ़ें- पिता की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सीएम धामी, पूर्व सैनिकों को दी करोड़ों की सौगात

Related Articles

Back to top button