200 करोड़ के पार हुआ अक्षय की फिल्म ‘भूत बंगला’ का कलेक्शन, टूटे ‘स्त्री’ और ‘सिकंदर’ के रिकॉर्ड

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी जब भी पर्दे पर आती है, बॉक्स ऑफिस पर बवाल मच जाता है। लंबे इंतजार के बाद जब इस जोड़ी ने ‘भूत बंगला’ के जरिए वापसी की घोषणा की थी, तभी से प्रशंसकों के बीच एक अलग तरीके का बज बन गया। अब यह उत्साह केवल शोर तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में तब्दील होकर रिकॉर्ड बुक का हिस्सा बन रहा है।

इसे भी पढ़ें- थियेटर में बना डर और ठहाके का माहौल, अक्षय की  ‘भूत बंगला’ ने मचाया गदर, कब आएगी OTT पर?

कम नहीं हो रहा भूत बंगला का जादू

रिलीज के दूसरे हफ्ते में भी ‘भूत बंगला’ का जादू कम होने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म ने न केवल घरेलू बाजार में अपनी पकड़ मजबूत रखी है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कमाई के झंडे गाड़ दिए हैं। 13वें दिन के कलेक्शन के साथ इस हॉरर-कॉमेडी ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जो हाल के वर्षों में कई बड़े सितारों की फिल्में नहीं कर पाईं।

Bhooth Bangla

बीती 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली ‘भूत बंगला’ के लिए माहौल रिलीज से एक दिन पहले ही बन गया था, जब फिल्म के पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए गए थे। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और क्रिटिक्स की सराहना के दम पर फिल्म ने अपने पहले ही वीकेंड में भारत में 58 करोड़ रुपये की शानदार नेट कमाई कर ली थी।

दूसरे हफ्ते में प्रवेश करते ही फिल्म ने अपनी रफ़्तार और तेज कर दी और दूसरे शनिवार को 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, वर्किंग डेज यानी दूसरे सोमवार को कलेक्शन में मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, जो कि किसी भी फिल्म के लिए स्वाभाविक है, लेकिन मंगलवार से फिल्म ने फिर से तेजी पकड़ी।

‘द राजा साहब’ को भी छोड़ सकती है पीछे

सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के दूसरे बुधवार यानी 13वें दिन फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 3.50 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 124.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन के मामले में यह आंकड़ा 147.90 करोड़ रुपये हो चुका है। असली धमाका तो वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मोर्चे पर हुआ है। विदेशी बाजारों में $5.6 मिलियन (लगभग 47 करोड़ रुपये) की कमाई को जोड़ते हुए ‘भूत बंगला’ ने रिलीज के महज 13 दिनों के भीतर दुनिया भर में 200 करोड़ रुपये का कुल ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि साल 2026 में 200 करोड़ रुपये का मील का पत्थर पार करने वाली यह केवल तीसरी हिंदी फिल्म बनी है। कुल भारतीय फिल्मों की बात करें तो यह इस साल की छठी ऐसी फिल्म है जिसने इस प्रतिष्ठित क्लब में जगह बनाई है। ‘भूत बंगला’ अब धीरे-धीरे प्रभास की फिल्म ‘द राजा साहब’ (208 करोड़ रुपये) के रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में यह उसे भी पीछे छोड़ देगी।

हॉरर-कॉमेडी जॉनर की बात करें तो अक्षय कुमार की इस फिल्म ने बॉलीवुड के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने के साथ ही यह हिंदी सिनेमा की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म बन गई है। अपने दूसरे हफ्ते के दौरान इसने सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन (176 करोड़ रुपये) को भी धूल चटा दी है।

6 मिलियन डॉलर की कमाई के आसार 

इतना ही नहीं, ‘भूत बंगला’ ने मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की दो बेहद सफल फिल्मों ‘थामा’ (171 करोड़ रुपये) और श्रद्धा कपूर स्टारर ‘स्त्री’ (180 करोड़ रुपये) के कुल लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। अब इस लिस्ट में अक्षय की फिल्म के आगे केवल ‘स्त्री 2’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘भूल भुलैया 2’ जैसी फिल्में ही बची हैं।

Bhooth Bangla

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी ‘भूत बंगला’ ने अपनी छाप छोड़ी है। फिल्म ने पेड प्रीव्यू और पहले दिन की औसत शुरुआत के बाद दूसरे और तीसरे दिन शानदार उछाल दिखाया था। हालांकि, अब विदेशी क्षेत्रों में फिल्म की दैनिक कमाई में गिरावट देखी जा रही है और यह प्रति दिन 80,000 डॉलर से नीचे आ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि, विदेशों में फिल्म का प्रदर्शन अब अपने अंतिम चरण में है, लेकिन फिर भी ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि यह फिल्म 6 मिलियन डॉलर (60 लाख डॉलर) के आंकड़े को छूने में कामयाब रहेगी।

घरेलू मोर्चे पर फिल्म के सामने अब नई चुनौतियां खड़ी होने वाली हैं। आने वाले वीकेंड में ‘द डेविल वियर्स प्राडा 2’ और ‘राजा शिवाजी’ जैसी बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं, जो ‘भूत बंगला’ के स्क्रीन काउंट और कमाई पर असर डाल सकती हैं। इसके बावजूद, अक्षय कुमार के फैंस और फिल्म की टीम को उम्मीद है कि तीसरे वीकेंड में फैमिली ऑडियंस एक बार फिर सिनेमाघरों का रुख करेगी, जिससे कलेक्शन में एक और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।

अक्षय कुमार के करियर के लिए बड़ी संजीवनी

कुल मिलाकर, ‘भूत बंगला’ ने न केवल अक्षय कुमार के करियर को एक बड़ी संजीवनी दी है, बल्कि हॉरर-कॉमेडी जॉनर में निवेश करने वाले निर्माताओं का भरोसा भी बढ़ाया है, जिस तरह से फिल्म ने ‘भेड़िया’, ‘मुंज्या’ और ‘स्त्री’ जैसी सफल फिल्मों को पीछे छोड़ा है, उससे साफ है कि दर्शक अब सिनेमाघरों में केवल डरना नहीं, बल्कि डर के साथ ठहाके लगाना भी पसंद कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘भूत बंगला’ आने वाले समय में ‘भूल भुलैया 2’ के 266 करोड़ के रिकॉर्ड को चुनौती दे पाएगी या नहीं। फिलहाल, फिल्म की पूरी टीम और अक्षय कुमार के चाहने वाले इस दोहरे शतक का जश्न मना रहे हैं।

 

इसे भी पढ़ें- इस हफ्ते थियेटर और ओटीटी पर मचेगा तहलका, रिलीज होने जा रही है  ‘भूत बंगला’ से ‘मटका किंग’ तक

Related Articles

Back to top button