
बॉलीवुड में मिस्टर खिलाड़ी के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर खूब सुर्खियों में हैं। फिल्म ‘भूत बंगला’ की तैयारियों और रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ की मेजबानी के बीच अक्षय ने अपनी एक ऐसी कमजोरी दुनिया के सामने रखी है जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी।
इसे भी पढ़ें- राजपाल यादव को मिला बॉलीवुड का साथ, सोनू, सलमान और अजय समेत इन एक्टरों ने बढ़ाया मदद का हाथ
कचोटता है कम पढ़ा लिखा होने का एहसास
अपनी फिटनेस और स्क्रीन पर दिखने वाले बेखौफ अंदाज के विपरीत अक्षय ने स्वीकार किया है कि, वे आज भी शिक्षा के मामले में खुद को अधूरा पाते हैं और बहुत ज्यादा पढ़े-लिखे लोगों के बीच जाने पर उन्हें अक्सर हीन भावना महसूस होती है। एक्टर ने ये खुलासा उस समय किया जब उनके शो में एक ऐसी कंटेस्टेंट आईं थी जो बेहद पढ़ी लिखी हैं।

शो के दौरान प्रतियोगी सोनाली की मल्टीपल डिग्री और उनकी उपलब्धियों को देखकर अक्षय कुमार भावुक हो गए। उन्होंने बहुत ही विनम्रता के साथ यह स्वीकार किया कि, जब वे किसी ऐसे व्यक्ति से मिलते हैं जिसने बहुत उच्च शिक्षा प्राप्त की हो, तो उन्हें खुद के कम पढ़े-लिखे होने का अहसास कचोटने लगता है।
अक्षय ने बड़ी बेबाकी से कहा कि, किसी भी व्यक्ति के लिए, विशेषकर उनके जैसे इंसान के लिए जिसने पढ़ाई पूरी नहीं की, शिक्षित लोगों के सामने खुद को बहुत छोटा महसूस करना एक कड़वा सच है। उन्होंने मंच पर खड़े होकर बड़े ही साफ मन से यह भी कहा कि कई बार उनके मन में यह विचार आता है कि, काश उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की होती। अक्षय ने अपनी स्थिति को रियलिस्टिक तरीके से पेश करते हुए कहा कि, अब जब वे उम्र के इस पड़ाव पर पढ़ना भी चाहते हैं, तो भी उनके लिए यह संभव नहीं हो पाता क्योंकि उन्हें बुनियादी तौर पर पढ़ना पसंद ही नहीं है।
बेहद पढ़ी लिखी हैं ट्विंकल
अक्षय की निजी जिंदगी में उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना उनकी इस कमी का बिल्कुल विपरीत छोर पर हैं। अक्षय ने अपनी पत्नी की बुद्धिमत्ता और उनके लेखन कौशल पर बात करते हुए बताया कि, ट्विंकल एक नहीं बल्कि कई किताबें लिख चुकी हैं और वर्तमान में भी वे अपनी नई किताब पर काम कर रही हैं, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि अक्षय ने अपनी पत्नी की एक भी किताब आज तक नहीं पढ़ी है। इसके पीछे की वजह अक्षय ने बेहद मजाकिया और अनोखे अंदाज में बताई।
उन्होंने कहा कि वे चाहकर भी किताब नहीं पढ़ पाते क्योंकि जैसे ही वे पढ़ने की कोशिश करते हैं या किताब लेकर बैठते हैं, न जाने क्यों उनकी आंखों से आंसू निकलने लगते हैं। अक्षय का यह बयान उनकी सादगी और पढ़ने के प्रति उनकी स्वाभाविक अरुचि को दर्शाता है जिसे उन्होंने दुनिया के सामने बिना किसी हिचकिचाहट के स्वीकार किया।
शिक्षा के प्रति अक्षय का नजरिया भले ही निजी तौर पर अलग हो, लेकिन एक पिता और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में वे इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि भले ही वे खुद किताबों से दूर भागते हैं, लेकिन वे अपने बच्चों को हमेशा ज्यादा से ज्यादा पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। अक्षय ने गर्व के साथ जिक्र किया कि, ट्विंकल खन्ना ने अपनी शादी और बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और हाल ही में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की है।
युवाओं से कि पढ़ने लिखने की अपील
इतना ही नहीं, ट्विंकल अब पीएचडी करने की भी योजना बना रही हैं। अक्षय ने इस मौके का इस्तेमाल युवाओं को एक बड़ा संदेश देने के लिए किया। उन्होंने हाथ जोड़कर युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा के महत्व को समझें। अक्षय ने जोर देकर कहा कि पढ़ाई बहुत जरूरी है और किसी को भी उनके जैसे व्यक्ति के पदचिन्हों पर चलने के बजाय सोनाली जैसे शिक्षित और विद्वान लोगों का अनुसरण करना चाहिए।

अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों की बात करें तो वे एक बार फिर हॉरर-कॉमेडी जॉनर में तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर उनके फैंस के बीच भारी उत्साह है। इसके साथ ही अक्षय ‘हैवान’ और बहुप्रतीक्षित ‘हेरा-फेरी 3’ जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगे, जहां वे एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग और एक्शन से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
अक्षय का यह ताजा इंटरव्यू साबित करता है कि, सफलता और शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचने के बाद भी इंसान अपनी जड़ों और अपनी कमियों के प्रति ईमानदार रह सकता है। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि, जीवन का अनुभव भले ही इंसान को बड़ा बना दे, लेकिन शिक्षा की कमी का अहसास कहीं न कहीं मन के कोने में बना रहता है, जिसे वे अब खुले तौर पर स्वीकार करते हैं।
इसे भी पढ़ें- महिमा चौधरी की बेटी अरियाना बॉलीवुड में डेब्यू की तैयारियों में जुटी



