
काराकास। वेनेजुएला में बुधवार को प्रकृति ने ऐसा कहर बरपाया कि, देखते-देखते पूरा इलाका दहल उठा। देश के उत्तरी-मध्य हिस्से में एक के बाद एक दो शक्तिशाली भूकंपों ने जो तबाही मचाई, उसके निशान अब हर गली, हर सड़क और हर इमारत पर साफ दिखाई दे रहे हैं। पहले 7.1 तीव्रता का जोरदार झटका आया और लोग अभी संभल भी नहीं पाए थे कि, महज 39 सेकंड के भीतर ही 7.5 तीव्रता का दूसरा और कहीं ज्यादा विनाशकारी भूकंप धरती को हिला गया। भूकंप का केंद्र युमारे के पास बताया जा रहा है। राजधानी काराकास सहित देश के कई बड़े शहरों से भारी नुकसान की खबरें लगातार सामने आ रही हैं और हालात अभी भी पूरी तरह काबू में नहीं आए हैं।
इसे भी पढ़ें- उत्तर भारत में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान रहा केंद्र
ताश के पत्तों की तरह ढही बिल्डिंग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। इन वीडियो में तबाही का जो खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। एक वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत का विशाल हिस्सा पलभर में ताश के पत्तों की तरह ढहता हुआ नजर आ रहा है।

धूल का इतना बड़ा गुबार उठता हुआ दिख रहा है कि पूरा इलाका कुछ ही सेकंड में धुंध में डूब गया। उसी धुंध के बीच लोग जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते सुरक्षित जगहों की तरफ दौड़ते दिखाई देते हैं। सबसे दिल को छू लेने वाला दृश्य वह है जब कुछ लोग इस अफरा-तफरी में भी अपने पालतू जानवरों को गोद में उठाकर भागते नजर आते हैं।
एक अन्य वीडियो में शहर की सड़कें पूरी तरह मलबे से पटी पड़ी हैं। कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े, लोहे की मुड़ी-तुड़ी छड़ें और ढही हुई इमारतों का मलबा हर तरफ बिखरा हुआ है। ऐसे में पुलिस और बचावकर्मी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेते और राहत कार्य में जुटे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, मलबे के ढेर को देखते हुए यह काम किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।
कई इलाकों में आवाजाही ठप
काराकास की सड़कों का हाल भी बेहद दर्दनाक है। एक वीडियो में धूल और धुएं के बीच लोगों का हुजूम इधर-उधर भागता दिखाई देता है। कई जगहों पर घायल लोगों को कंधों पर उठाकर या हाथ थामकर सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया जा रहा है। इमारतों के बड़े-बड़े टुकड़े टूटकर सड़कों पर आ गिरे हैं जिससे कई इलाकों में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। राहत दल और एम्बुलेंस तक के लिए रास्ता बनाना मुश्किल हो रहा है।
The devastation in Venezuela is catastrophic. Thousands are feared dead. pic.twitter.com/pYkFNoIBhP
— Dr. Maalouf (@realMaalouf) June 25, 2026
एक और वीडियो में एक भारी क्षतिग्रस्त इमारत की दुर्दशा देखी जा सकती है जिसके कई हिस्से पूरी तरह ढह चुके हैं। इमारत के नीचे पुलिस, बचावकर्मी और स्थानीय लोग कंधे से कंधा मिलाकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। इस वक्त सबसे बड़ी और सबसे गहरी चिंता उन लोगों को लेकर है जो अभी भी मलबे के नीचे दबे है और जिनकी आवाज तक बाहर नहीं पहुंच पा रही।
कुछ फुटेज में मलबे के बीच सर्च ऑपरेशन की तस्वीरें की देखने को मिल रही हैं। तस्वीरें बताती हैं कि, कई इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो चुकी हैं और राहत कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। हर बीतता हुआ पल कीमती है क्योंकि मलबे के नीचे दबे लोगों की जिंदगी दांव पर लगी है।
कोलंबिया में भी महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके सिर्फ वेनेजुएला की सरहदों तक सीमित नहीं रहे। पड़ोसी देश कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में भी महसूस किए गए। वेनेजुएला के अंदर ला ग्वायरा, वालेंसिया और कई अन्य शहरों में भी इमारतों, होटलों और सरकारी परिसरों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है।

बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में और भी ज्यादा दिक्कत आ रही है। मैक्वेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और हवाई अड्डे पर भी नुकसान की खबरें हैं।
Total devastation in Venezuela following a powerful earthquake. Up to 100,000 people are feared dead.
Pray for them, they didn’t deserve this. pic.twitter.com/heMpFeO9Y4
— Dr. Maalouf (@realMaalouf) June 25, 2026
स्थानीय प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए इमरजेंसी का ऐलान कर दिया है। लोगों से अपील की जा रही है कि, वे इमारतों के भीतर न जाएं और खुले मैदानों व सुरक्षित स्थानों पर रहें क्योंकि आफ्टरशॉक्स यानी भूकंप के बाद के झटके आने का खतरा अभी भी बना हुआ है। राहत एजेंसियां और आपदा प्रबंधन दल युद्धस्तर पर मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
जानकारों का मानना है कि, जैसे-जैसे मलबा हटाया जाएगा, मृतकों और घायलों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। अभी तक की जानकारी के अनुसार इस भयावह भूकंप में करीब 10 हजार लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जो इस आपदा की भयंकरता को भी बयां कर रही है।

आपको बता दें कि, वेनेजुएला पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा था। ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने देश के सामने चुनौतियों का एक नया पहाड़ खड़ा कर दिया है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद के लिए हाथ बढ़ाना शुरू कर दिया है। कई देश तो सहायता भेजने की तैयारी में जुट भी गए हैं। भारत के प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुःख जताया है और वेनेजुएला को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
इसे भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में भूकंप से डोली धरती: बारामूला में महसूस हुए झटके, जानें कितनी थी तीव्रता और कहां था केंद्र



