उत्तर भारत में भूकंप के झटके, अफगानिस्तान रहा केंद्र

अधिकारियों के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। इसका केंद्र अफगानिस्तान में 36.398 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.878 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।

 नयी दिल्ली । नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में लोगों ने कुछ सेकंड तक धरती हिलने का अहसास किया, जिससे कई स्थानों पर लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।

अधिकारियों के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। इसका केंद्र अफगानिस्तान में 36.398 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.878 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की गहराई लगभग 150 किलोमीटर बताई गई है, जो अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण झटकों का असर व्यापक क्षेत्र में महसूस किया गया, हालांकि इससे बड़े नुकसान की आशंका कम रहती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गहराई अधिक होने पर भूकंप की ऊर्जा सतह तक पहुंचते-पहुंचते कम हो जाती है, लेकिन इसका प्रभाव बड़े भौगोलिक क्षेत्र में महसूस किया जा सकता है। यही वजह रही कि कई राज्यों में एक साथ झटके दर्ज किए गए।

चंडीगढ़ निवासी बलदेव चंद ने बताया, “मैं अपने फ्लैट की दूसरी मंजिल पर था, तभी अचानक कुछ सेकंड के लिए तेज झटके महसूस हुए। पहले तो समझ नहीं आया, लेकिन फिर एहसास हुआ कि भूकंप है।वहीं जीरकपुर की एक बहुमंजिला सोसाइटी में रहने वाले अजय कुमार ने कहा, “हम 11वीं मंजिल पर थे, झटके महसूस होते ही नीचे भागने का सोचा, लेकिन कुछ ही सेकंड में झटके रुक गए।

कई जगहों पर लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए भी भूकंप के झटकों की जानकारी साझा की। हालांकि, अब तक किसी भी राज्य से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, बल्कि सावधानी बरतें और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने के दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेषज्ञों ने यह भी कहा है कि इस तरह के झटकों के बाद आफ्टरशॉक्स (परवर्ती झटके) आने की संभावना रहती है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।

Related Articles

Back to top button