जयकारों संग निकली श्री टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा, श्री राम दरबार अयोध्या, खाटू श्याम समेत 45 झांकियों ने यात्रा को और बनाया भव्य

देहरादून। ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव की 24वीं शोभायात्रा शनिवार को शिवाजी धर्मशाला से निकाली गई। जगह- जगह सामाजिक व धार्मिक संगठन की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। श्री राम दरबार अयोध्या, खाटू श्याम समेत 45 झांकियों ने यात्रा को और भी भव्य बना दिया।

शिवाजी धर्मशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व मंदिर के श्री 108 कृष्णगिरी महाराज ने दीप प्रज्वलित व पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा हुई तो बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस मौके पर दिगंबर भरत गिरी, विधायक खजाना दास, भाजपा नेता अशोक वर्मा, मनमोहन जायसवाल, कांग्रेस नेता लाल चंद शर्मा आदि मौजूद रहे।

शोभायात्रा में भगवान टपकेश्वर के तीन डोले श्री दूधेश्वर, श्री पत्तेश्वर व श्री देवेश्वर के अलावा शिव बरात, पार्थिव शिवलिंग, खाटू श्याम, श्रीराम मंदिर, महाकाल उज्जैन की भस्म आरती मथुरा वृंदावन के कलाकार व झांकियों के अलावा विभिन्न राज्यों से बैंड पार्टी शामिल हैं।

पहली बार शोभायात्रा में श्री रामेश्वर, श्री द्वारिकाधीश, श्री जगन्नथपुरी, श्री बेलुर मठ, बेलूर की विशेष झांकी के दर्शन हो रहे हैं। यात्रा सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, रामलीला बाजार, पीपल मंडी, धामवाला बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, चकराता रोड, बिंदालपुल, कैंट बोर्ड कार्यालय, डाकरा बाजार, गढ़ी कैंट होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण पर विराम देगी।

जहां विशेष शृंगार के बाद रातभर भंडारे का आयोजन होगा। शोभायात्रा समापन समारोह पटेलनगर स्थित मनभावन पैलेस में 24 अगस्त को भजन संध्या व आरती के साथ किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button