
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और वडनगर के बीच शुरू हुई सेवा संकल्प यात्राएं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूती देंगी।
इसे भी पढ़ें- नक्सलवाद खत्म, 370 हटा, राजनाथ ने गिनाईं मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धियां
उन्होंने बताया कि काशी से उत्तर प्रदेश की 10 पवित्र नदियों का जल लेकर 10 अलग-अलग यात्राएं अलग-अलग मार्गों से वडनगर की ओर रवाना होंगी, जबकि गुजरात की पावन नदियों का जल साथ लेकर 10 यात्राएं वडनगर से काशी पहुंचेंगी। इनमें उत्तर प्रदेश की नदियों का जल वडनगर में भगवान हाटकेश्वर महादेव को अर्पित किया जाएगा, तो वहीं गुजरात की नदियों का जल काशी में बाबा विश्वनाथ को चढ़ाया जाएगा।
20 दिन, 100 किलोमीटर
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि, इस यात्रा में शामिल युवा करीब 20 दिनों तक बाइक से सफर करेंगे। हर दिन लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय करने के साथ-साथ चार बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न राज्यों में स्थानीय लोगों से संवाद और सेवा से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी। यह यात्रा जिन राज्यों से गुजरेगी, वहां काशी और वडनगर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
सात अक्तूबर को पूरे होंगे सेवा संकल्प के 25 साल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक अहम पहलू की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि, सात अक्तूबर, 2026 को प्रधानमंत्री मोदी के शासनाध्यक्ष के रूप में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि, सात अक्तूबर, 2001 को प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, और तभी से “बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे” के चरैवेति-चरैवेति मंत्र के साथ उन्होंने अपनी सेवा यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के तप, परिश्रम और साधना के फलस्वरूप आज 140 करोड़ भारतवासी एक नए भारत के दर्शन कर रहे हैं ऐसा भारत, जो सुरक्षित भी है और दुनिया से बराबरी के स्तर पर बात करने में भी पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने दावा किया कि, प्रधानमंत्री मोदी की इस 25 वर्षों की सेवा यात्रा में देश का हर नागरिक किसी न किसी रूप में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से भागीदार रहा है।
बिना सिफारिश और लेनदेन के मिल रहा रोजगार
सीएम योगी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा से आया बदलाव गांव, गरीब, महिला और युवा वर्ग के जीवन में साफ तौर पर देखा जा सकता है। उनके मुताबिक, आज युवाओं को बिना किसी सिफारिश और बिना किसी लेनदेन के, केवल उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार मिल रहा है।
Head of the State के रूप में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के सेवा-संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में श्री @narendramodi जी ने पहली बार शपथ ली थी और तब से बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ अपनी इस… pic.twitter.com/AAaMw3ouq2
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 17, 2026
उन्होंने बताया कि, स्टार्टअप इकोसिस्टम के जरिए युवा अब नौकरी की तलाश में भटकने के बजाय दूसरों को रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, और देशभर में अब तक लाखों नए स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कारीगरों और हस्तशिल्पियों के पारंपरिक व्यवसाय को नया जीवन देने की कोशिशों के साथ-साथ स्टैंड अप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं से आए बदलावों का भी उल्लेख किया।
चार करोड़ आवास, 12 करोड़ शौचालय, 80 करोड़ को मुफ्त राशन
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के आंकड़े भी गिनाए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्षों में करीब चार करोड़ लोगों को आवास मुहैया कराया गया है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने 12 करोड़ शौचालयों को उन्होंने नारी गरिमा का प्रतीक बताया। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 11 करोड़ परिवारों तक स्वच्छ ईंधन की सुविधा पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि जिन हजारों गांवों में आजादी के बाद दशकों तक बिजली नहीं पहुंच पाई थी, वहां आज एलईडी रोशनी जगमगा रही है, और इंटरनेट व बैंकिंग सुविधाएं भी अब गांव-गांव तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर मिल रहा है, जबकि कोविड काल से अब तक लगातार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
अर्थव्यवस्था मजबूत हुई
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह बदलाव केवल कल्याणकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि सड़क, हवाई, रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी के साथ-साथ नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेवाएं नए भारत की तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत अब सेमीकंडक्टर क्षेत्र में इकाइयां स्थापित करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ चुका है, क्वांटम कंप्यूटिंग पर काम जारी है, एआई मिशन प्रगति पर है, और भारत ड्रोन तकनीक के एक बड़े केंद्र के रूप में खुद को स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब दुनिया भारत को संदेह की नजर से नहीं देखती- भारत अब दुनिया की बॉटम फाइव अर्थव्यवस्थाओं में नहीं, बल्कि टॉप फोर अर्थव्यवस्थाओं में मजबूती से खड़ा है।
विरासत और विकास का अनूठा संगम
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नया भारत विकास की राह पर चलते हुए भी अपनी विरासत का पूरा सम्मान करता है, और ऐसा अद्भुत समन्वय पहली बार भारत में देखने को मिल रहा है।
#LIVE: विश्व के लोकप्रिय नेता एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री@narendramodi जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 500 यात्रियों और 250 बाइकों के साथ वाराणसी से वडनगर जाने वाली ‘बाइक यात्रा’ का फ्लैग ऑफ कार्यक्रम।https://t.co/HrzdV1vo93
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 17, 2026
इस संदर्भ में उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, करीब 500 वर्षों बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम के विराजमान होने, मां विंध्यवासिनी धाम के नए कॉरिडोर, प्रयागराज में वर्ष 2019 के कुंभ और 2025 के महाकुंभ, केदारपुरी, बद्रीनाथ धाम तथा महाकाल महालोक जैसे उदाहरणों का जिक्र किया। उन्होंने योग को मिली वैश्विक मान्यता और कुंभ को यूनेस्को की ओर से मानवता की सांस्कृतिक धरोहर घोषित किए जाने का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे दिग्गज नेता
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बाबा विश्वनाथ, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत की परिकल्पना पूरी हो, यही उनकी हार्दिक प्रार्थना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सम्मान में सभी उपस्थित लोग खड़े हुए और प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए नारे लगाए गए, जबकि समर्थकों ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के जयघोष भी किए।
नेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में कई नेताओं को सम्मानित भी किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया, मंत्री रविंद्र जायसवाल ने एन. चंद्रबाबू नायडू को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए, वहीं जेपीएस राठौर ने मुख्यमंत्री योगी को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किया।
इसके अलावा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने चिराग पासवान को और क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पंकज चौधरी को सम्मानित किया। सांसद एवं सेवा यात्रा के संयोजक बीडी शर्मा का स्वागत जिलाध्यक्ष रामशक्ल पटेल ने किया, जबकि राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल का स्वागत युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य ने किया।
इसे भी पढ़ें- काशी में मना पीएम मोदी का जन्मदिन, योगी-राजनाथ समेत एनडीए नेताओं ने की पूजा-अर्चना



