
बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का नाम आज भी सुर्खियों में बना रहता है, लेकिन इसकी वजह उनका फिल्मी करियर नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ और अब बिजनेस वेंचर्स हैं। एक्टिंग की दुनिया में रिया कभी वो मुकाम हासिल नहीं कर पाईं, जिसकी उन्होंने कभी उम्मीद की थी। साल 2013 में उन्होंने फिल्म ‘मेरे डैड की मारुति’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वो ‘जलेबी’, ‘सोनाली केबल’ और ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं, लेकिन कोई भी फिल्म उन्हें बड़ा स्टारडम नहीं दिला पाई। रिया आखिरी बार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘चेहरे’ में दिखी थीं, जिसमें उनके साथ दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी भी थे। इसके बाद से उनका फिल्मी करियर लगभग थम सा गया।
इसे भी पढ़ें- बॉलीवुड न्यूज: ‘राका’ बन कर बॉक्स ऑफिस पर बवाल काटेंगे अल्लू अर्जुन, ‘पुष्पा’ से भी है कनेक्शन
सुर्ख़ियों में रही पर्सनल लाइफ
दिलचस्प बात यह है कि, रिया चक्रवर्ती अपनी एक्टिंग से कम, बल्कि अपनी निजी जिंदगी की वजह से कहीं ज्यादा सुर्खियों में रहीं। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ उनका रिश्ता जगजाहिर था और यही रिश्ता आगे चलकर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बन गया।

सुशांत के निधन के बाद रिया का नाम विवादों में घिर गया और उन पर कई गंभीर आरोप लगे। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले में रिया को ड्रग्स केस में जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने करीब 27 दिन जेल की सलाखों के पीछे बिताए। हालांकि, बाद में जांच में उन पर लगे आरोप साबित नहीं हो सके और वो बरी हो गईं, लेकिन इस पूरे विवाद का सीधा असर रिया के करियर पर पड़ा। सुशांत केस के बाद बॉलीवुड में उन्हें काम मिलना लगभग बंद हो गया।
इंडस्ट्री ने मोड़ा मुंह
इंडस्ट्री ने जैसे उनसे मुंह मोड़ लिया हो। इसके बावजूद रिया ने हार नहीं मानी और एक अलग रास्ता चुना। आज हालात यह हैं कि फिल्मों से दूर रहते हुए भी वो अपने बिजनेस वेंचर्स के दम पर करोड़ों रुपये कमा रही हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिया चक्रवर्ती की कुल नेटवर्थ करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रॉपर्टी की बात करें, तो मुंबई के पॉश इलाके खार में उनका एक घर है, जिसकी कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जाती है। इसके अलावा नवी मुंबई में भी उनकी एक प्रॉपर्टी है।
लग्जरी गाड़ियों का शौक
रिया को लग्जरी गाड़ियों का भी गजब का शौक है। उनके कार कलेक्शन में एक से बढ़कर एक महंगी गाड़ियां शामिल हैं। इसमें करीब 23 लाख रुपये की जीप कम्पास और 20 लाख रुपये की टोयोटा इनोवा उनके कलेक्शन का हिस्सा हैं। इतना ही नहीं, उनके गैराज में रेंज रोवर इवोक, जगुआर XJL, ऑडी Q3 और मर्सिडीज-बेंज GLC जैसी शानदार और महंगी लग्जरी कारें भी खड़ी हैं। यह कलेक्शन साफ दिखाता है कि भले ही रिया का फिल्मी करियर परवान न चढ़ा हो, लेकिन आर्थिक रूप से वो काफी मजबूत स्थिति में हैं।
ब्रांड एंडोर्समेंट से भी होती है मोटी कमाई
रिया की कमाई का एक बड़ा जरिया ब्रांड एंडोर्समेंट भी है। वो किसी एक विज्ञापन के लिए करीब 4 से 5 लाख रुपये तक चार्ज करती हैं, जो उनकी लोकप्रियता और मार्केट वैल्यू को दर्शाता है। इसके अलावा, रिया की एक और बड़ी कमाई का जरिया है मशहूर रियलिटी शो ‘एमटीवी रोडीज’। इस शो में वो एक ‘गैंग लीडर’ की भूमिका निभाती हैं, जहां उनका काम अपनी टीम में कंटेस्टेंट्स को शामिल करना और उन्हें अलग-अलग टास्क के लिए गाइड करना होता है। इस शो से भी उन्हें अच्छी खासी कमाई होती है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय हैं रिया
फिल्मों से दूरी बनाने के बाद रिया ने डिजिटल दुनिया की तरफ भी रुख किया। उनका अपना यूट्यूब चैनल है, जिसका नाम ‘Rhea Chakraborty’ है। इस चैनल पर वो ‘Chapter 2’ नाम से अपना पॉडकास्ट होस्ट करती हैं, जिसमें वो कई जानी-मानी हस्तियों के साथ अलग-अलग दिलचस्प मुद्दों पर खुलकर बातचीत करती नजर आती हैं। उनके इस यूट्यूब चैनल पर फिलहाल 86 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स मौजूद हैं, जो लगातार बढ़ रहे हैं।
बिजनेसवुमन बनकर बनीं रिया
फिल्मी करियर ठप होने के बाद रिया चक्रवर्ती ने बिजनेस की दुनिया में एंट्री ली और यह फैसला उनके लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ। उन्होंने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर एक स्ट्रीटवियर फैशन ब्रांड की शुरुआत की, जिसका नाम रखा गया ‘Chapter 2 Drip’।

यह ब्रांड खासतौर पर युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें ट्रेंडी टी-शर्ट, हुडी और ओवरसाइज्ड आउटफिट्स जैसे फैशन आइटम शामिल हैं।
बड़े बिजनेसमैन्स ने भी लगाया भरोसा
रिया के इस फैशन ब्रांड को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि, लॉन्च होने के कुछ ही समय के भीतर इस ब्रांड की वैल्यू तेजी से बढ़कर करीब 40 करोड़ रुपये तक जा पहुंची। रिपोर्ट के अनुसार, इस स्टार्टअप में रिटेल इंडस्ट्री के दिग्गज नामों में शुमार किशोर बियानी और अशीष बियानी ने भी भरोसा जताते हुए करीब 1 करोड़ रुपये का निवेश किया है। यह बात खुद ही इस बात की गवाही देती है कि रिया का यह बिजनेस आइडिया कितना दमदार साबित हो रहा है।
सिर्फ ऑनलाइन वेबसाइट तक सीमित न रहते हुए, इस ब्रांड ने मुंबई शहर में अपना पहला ऑफलाइन रिटेल स्टोर भी खोल लिया है, जिससे ग्राहकों को प्रोडक्ट्स को सीधे देखकर और छूकर खरीदने का मौका मिल रहा है। कुल मिलाकर, रिया चक्रवर्ती की कहानी एक ऐसी मिसाल बन गई है, जहां फिल्मी करियर में असफलता के बावजूद एक कलाकार ने बिजनेस की दुनिया में खुद को साबित करके दिखाया।
इसे भी पढ़ें- बेटे को बचाने के लिए आमिर खान से तोड़ा बॉलीवुड रिलीज, एक महीने पहले शुरू की ‘एक दिन’ की एडवांस बुकिंग


