सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ का टीजर रिलीज, नफरत के दौर में उम्मीद की मिसाल बनी एक फिल्म

बॉलीवुड के दबंग अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। यह फिल्म इस साल की सबसे चर्चित और बेसब्री से इंतजार की जा रही फिल्मों में शामिल है। मोशन पोस्टर और किरदारों के शानदार पोस्टर्स रिलीज होने के बाद टीजर ने पूरे देश में जबरदस्त उत्सुकता और एक्साइटमेंट पैदा कर दिया है। यह फिल्म महज एक सिनेमाई अनुभव नहीं, बल्कि इतिहास के सबसे दर्दनाक और संवेदनशील अध्याय 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन पर आधारित एक भावुक और ताकतवर कहानी है।

इसे भी पढ़ें- सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर करेगी धमाका? पहले दिन एडवांस बुकिंग ने बढ़ाई उम्मीदें

नफरत, हिंसा और डर के माहौल में भी इंसानियत, साहस और उम्मीद को जिंदा रखने की मिसाल पेश करती यह फिल्म दर्शकों को गहरे सोचने पर मजबूर करेगी।

टीजर ने बढ़ाई उत्सुकता

‘बंटवारा 1947’ का टीजर बेहद इंटेंस, इमोशनल और दमदार है। यह दर्शकों को सीधे 1947 के उस उथल-पुथल भरे समय में ले जाता है, जब भारत को आजादी तो मिली, लेकिन देश का बंटवारा हो गया। टीजर की शुरुआत एक प्रभावशाली वॉइसओवर से होती है, जिसमें बताया जाता है कि 200 साल की गुलामी के बाद मिली आजादी के साथ ही मुल्क दो टुकड़ों में बंट गया। मजहब के नाम पर इंसानियत की हत्या हो रही थी।

'bantwara 1947'

टीजर में विभाजन के दौरान हुई मार-काट, दंगे और हिंसा के दृश्य दिखाए गए हैं, जो देखने वाले के रोंगटे खड़े कर देते हैं। लोग एक-दूसरे को गाजर-मूली की तरह काटते नजर आते हैं। ठीक उसी समय सनी देओल की एंट्री होती है, जो फिल्म में देओल सिकंदर मिर्जा का किरदार निभा रहे हैं। उनका किरदार नफरत और डर के इस माहौल में भी हिम्मत और बहादुरी की मिसाल बनकर उभरता है।टीजर का सबसे चर्चित डायलॉग सनी देओल और अभिमन्यु सिंह के बीच का है। अभिमन्यु सिंह (याकुब खान) पूछते हैं “पंगा लेना है?” तो सनी देओल जवाब देते हैं “इरादा तो नहीं है, पर ऐतराज भी नहीं है।” यह डायलॉग अभी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शानदार कास्ट और क्रिएटिव टीम

फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (पहले ‘लाहौर 1947’ नाम से जानी जाती थी) को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। यह जोड़ी करीब तीन दशक बाद फिर साथ काम कर रही है। कास्ट में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और अन्य कलाकार शामिल हैं।

'bantwara 1947'

फिल्म में ए.आर. रहमान ने संगीत दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी ठीक उसी दिन जब 1947 में देश का बंटवारा हुआ था। रिलीज डेट का चुनाव भी फिल्म की थीम के साथ पूरी तरह मेल खाता है।

फिल्म क्या कहती है?’

‘बंटवारा 1947’ एक ऐसे नायक की कहानी है जो नफरत और हिंसा के सबसे अंधेरे दौर में भी इंसानियत की रोशनी जलाए रखता है। सनी देओल का किरदार विभाजन के दौरान दोनों तरफ फैली हिंसा के बीच खड़ा होकर साहस की नई मिसाल पेश करता है। फिल्म सिर्फ हिंसा और दर्द नहीं दिखाती, बल्कि उम्मीद, बलिदान और मानवीय मूल्यों को भी उजागर करती है। राजकुमार संतोषी की फिल्में हमेशा से सामाजिक मुद्दों, राष्ट्रवाद और इमोशनल ड्रामा के लिए जानी जाती हैं। ‘घायल’, ‘दामिनी’, ‘बॉर्डर’ और ‘पितृभूमि’ जैसी फिल्मों के बाद ‘बंटवारा 1947’ उनके करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म साबित होने जा रही है।

सोशल मीडिया पर चर्चा

टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। लोग सनी देओल के लुक, डायलॉग डिलीवरी और फिल्म की थीम की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे सनी देओल की अब तक की सबसे पावरफुल फिल्मों में से एक मान रहे हैं। आमिर खान ने भी फिल्म की तारीफ करते हुए कहा है कि, यह सनी देओल का अब तक का सबसे बेहतरीन काम है। फिल्म न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि दर्शकों को 1947 के इतिहास को नए नजरिए से देखने का मौका भी देगी।

'bantwara 1947'

विभाजन की पीड़ा को याद दिलाते हुए यह फिल्म एकता और सद्भाव का संदेश भी देगी। ‘बंटवारा 1947’ नफरत के दौर में उम्मीद की आवाज बनकर उभर रही है। सनी देओल का दमदार अवतार, राजकुमार संतोषी का निर्देशन, आमिर खान का प्रोडक्शन और ए.आर. रहमान का संगीत यह फिल्म 2026 की सबसे बड़ी सिनेमाई घटनाओं में से एक बनने जा रही है।14 अगस्त 2026 को जब यह फिल्म स्क्रीन्स पर आएगी, तो निश्चित रूप से दर्शकों को थिएटर में रोमांच, इमोशन और गर्व का अनोखा मिश्रण महसूस होगा।

 

इसे भी पढ़ें-देशभक्ति के जज्बे से लबरेज ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज, सनी देओल की दहाड़ से फिर गूंजा जंग का मैदान

Related Articles

Back to top button