
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसे सुपरहिट फिल्म देने वाले निर्देशक आदित्य धर अब एक बार फिर से सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रहे हैं। जी हां उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर देशभर में जबर्दस्त लहर देखी जा रही है। 18 मार्च से शुरू होने वाले पेड प्रिव्यू और 19 मार्च की आधिकारिक रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने न केवल एडवांस बुकिंग के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं, बल्कि फिल्म जगत के दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है।
इसे भी पढ़ें- एक ही डेट पर रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’ और ‘उस्ताद भगत सिंह’, निर्देशक बोले- ‘क्लैश की चिंता नहीं’
कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुकी है फिल्म
अब मशहूर फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा का एक ऐसा चौंकाने वाला रिव्यू सामने आया है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी है। दरअसल, राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म को सिनेमा जगत के एक नए युग का जन्म करार दिया है। साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर मानी जा रही ‘धुरंधर 2’ अपनी रिलीज से पहले ही कई बड़े रिकार्ड तोड़ चुकी है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों का उन्माद इस कदर है कि, देश के कई प्रमुख शहरों में फिल्म के शो 24 घंटे चलाने का फैसला किया गया है।

रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म दिसंबर 2025 में आई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है, लेकिन इसके स्केल और कहानी को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे अविश्वसनीय हैं। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने इसे देख लिया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जो लिखा है, उसने ‘धुरंधर 2’ को लेकर चल रही चर्चाओं को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
नये युग की शुरुआत
अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाने वाले राम गोपाल वर्मा ने ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद इसे भारतीय सिनेमा का टर्निंग पॉइंट बताया है। उन्होंने लिखा, मैंने कल रात ‘धुरंधर 2’ देखी। इसके हर पहलू में, चाहे फिल्म का कलेक्शन हो, फैंस की एक्साइटमेंट हो या सिनेमाई ग्रामर को तोड़ने का तरीका, इसका साइकोलॉजिकल ऑडियो-विजुअल इम्पैक्ट ‘शोले’ जैसी महान फिल्म से भी 100 गुना ज्यादा शानदार है।

वर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे लिखा कि भारतीय सिनेमा की अब तक की सभी महान फिल्में, चाहे वो ‘मुगल-ए-आजम’ हो या कोई और क्लासिक, ‘धुरंधर 2’ के सामने महज एक टीवी सीरियल जैसी नजर आती हैं। उनके मुताबिक, यह फिल्म सिनेमा की पिछली दुनिया के अंत और एक नए युग की शुरुआत है। राम गोपाल वर्मा का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वे खुद तकनीकी रूप से सिनेमा को समझने वाले बारीक फिल्म मेकर माने जाते हैं।
हॉलीवुड के निर्देशक भी देखें फिल्म
राम गोपाल वर्मा ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की तुलना वैश्विक स्तर के दिग्गजों से की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि, अब से निर्देशक शब्द की स्पेलिंग आदित्य धर के नाम से शुरू होगी। उन्होंने हॉलीवुड के महान निर्देशकों स्टीवन स्पीलबर्ग और क्रिस्टोफर नोलन का नाम लेते हुए कहा कि, इन दिग्गज फिल्मकारों के लिए भी यही समझदारी होगी कि, वे अपना सारा काम छोड़कर ‘धुरंधर 2’ का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखें। यह टिप्पणी भारतीय फिल्म मेकिंग के स्तर में आए उस उछाल की ओर इशारा करती है, जो अब ग्लोबल स्टैंडर्ड को चुनौती दे रहा है।
कुछ मिनटों में बिके पेड प्रिव्यूज के टिकट
फिल्म की क्रेजी एडवांस बुकिंग ने एग्जीबिटर्स को भी चौंका दिया है। 18 मार्च को रखे गए पेड प्रिव्यूज के टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जैसे शहरों में मांग इतनी अधिक है कि, सिनेमाघरों ने आधी रात और सुबह तड़के के शो भी लगा दिए हैं। कई मल्टीप्लेक्स में ‘धुरंधर 2’ के शो 24 घंटे नॉन-स्टॉप चलेंगे, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में विरले ही देखने को मिलता है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि, फिल्म ओपनिंग डे पर ही कमाई के सारे पुराने कीर्तिमान धराशायी कर देगी।

‘धुरंधर 2’ दिसंबर 2025 में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ की कहानी को आगे ले जाती है। फिल्म में रणवीर सिंह एक ऐसे अवतार में नजर आने आएंगे, जैसा उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया। उनके साथ फिल्म में पावरहाउस कलाकारों की टोली है, जिसमें संजय दत्त का खूंखार अंदाज, आर माधवन की इंटेंस एक्टिंग और अर्जुन रामपाल का स्टाइलिश विलेन अवतार शामिल है। फिल्म में सारा अर्जुन की मौजूदगी ने भी युवा दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा किया है। यह एक हाई-ऑक्टेन साइकोलॉजिकल और एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है, जो दर्शकों को अपनी सीट से चिपकने पर मजबूर कर देगी।
क्या रच दिया आदित्य धर ने?
राम गोपाल वर्मा के रिव्यू ने इंडस्ट्री में एक नई बहस को जन्म दे दिया है। क्या वाकई आदित्य धर ने कुछ ऐसा रच दिया है, जो विश्व सिनेमा के मानकों को बदल देगा? फिल्म के ऑडियो-विजुअल इम्पैक्ट की चर्चा हर तरफ है। ट्रेलर से ही साफ था कि फिल्म की सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। फिल्म की रिलीज अब मात्र कुछ घंटे बचे हैं और राम गोपाल वर्मा के शब्दों ने दर्शकों की बेताबी को उस स्तर पर पहुंचा दिया है, जहां से पीछे मुड़कर देखना मुमकिन नहीं है। 19 मार्च को जब यह फिल्म सिनेमाघरों में उतरेगी, तो देखना होगा कि क्या यह वाकई स्पीलबर्ग और नोलन जैसे फिल्मकारों को भी सोचने पर मजबूर करती है।
इसे भी पढ़ें- धुरंधर 2: एडवांस बुकिंग में सारे रिकॉर्ड तोड़ रही रणवीर की फिल्म, सालार को भी पछाड़ने की तैयारी



