कारीगरों और हस्तशिल्पियों को स्वरोजगार से जोड़ रही योगी सरकार, तीन करोड़ को मिला रोजगार: सीएम

  • सीएम ने भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गोरखपुर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित विश्वकर्मा पूजनोत्सव को किया संबोधित 

  • विश्वकर्मा जयंती पर पंचायत मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की

 गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में विभिन्न प्रकार की कारीगरी और हस्तशिल्प गतिविधियों से तीन करोड़ से ज्यादा लोग रोजगार पा रहे हैं और आत्मनिर्भरता के साथ जीवनयापन कर रहे हैं। वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद से पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य आरंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परंपरागत कारीगरी को आधुनिक तकनीक और नए बाजारों से जोड़ने के साथ-साथ उत्पादों की पैकेजिंग व डिजाइनिंग पर भी विशेष ध्यान दिया, जिससे कारीगरों और शिल्पियों के लिए तरक्की के नए रास्ते खुले हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।

इसे भी पढ़ें- गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले, चीनी मिलों ने चुकाया पूरा बकाया, योगी सरकार ने दिए 3.25 लाख करोड़

पीएम मोदी को दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं

सीएम योगी भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गोरखपुर के श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वहां उन्होंने कहा, आज का दिन बेहद पावन है, क्योंकि एक तरफ सृष्टि के शिल्पकर्ता भगवान विश्वकर्मा की जयंती है, तो दूसरी ओर नए भारत के निर्माता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी है।

cm yogi

मुख्यमंत्री ने बाबा गोरखनाथ की पावन धरती से समस्त उत्तर प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के नए भारत और विकसित भारत के सपने को उनके नेतृत्व में 140 करोड़ देशवासी साकार होते देखेंगे। उन्होंने बाबा गोरखनाथ और भगवान विश्वकर्मा से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।

कारीगरों का आदर करने होती है राष्ट्र की प्रगति

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, भारतीय परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि रचयिता शिल्पकार देवता के रूप में पूजा जाता है। कला, कारीगरी और हस्तशिल्प से जुड़े लोग इस दिन सृष्टि के शिल्पी के प्रति आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का दृढ़ विश्वास है कि, जो राष्ट्र अपने कारीगरों और हस्तशिल्पियों का सम्मान करता है, वही प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने नए भारत में कारीगरों और हस्तशिल्पियों को ‘पीएम विश्वकर्मा’ योजना के जरिए एक सशक्त मंच प्रदान किया है। राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सुनार जैसे अनेक परंपरागत व्यवसायों से जुड़े कारीगर समाज की आत्मनिर्भरता की रीढ़ रहे हैं।

कारीगरों की उपेक्षा होती रही है

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से परंपरागत कारीगरों और हस्तशिल्पियों की लगातार उपेक्षा की जाती रही। पहली बार किसी सरकार ने उनकी आवाज सुनी, उनकी आवश्यकताओं को समझा और उनकी चिंता की। उन्हें टूलकिट प्रदान करने के साथ-साथ प्रशिक्षण और सस्ती दर पर बैंक ऋण दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने कारीगरों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2017 में सरकार गठन के बाद इस दिशा में काम शुरू हुआ। आज प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग विभिन्न प्रकार की कारीगरी और हस्तशिल्प के जरिए रोजगार प्राप्त कर रहे हैं और आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं।

तकनीक और नए बाजारों से जुड़ी पारंपरिक कारीगरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि, समय की मांग के अनुसार परंपरागत कारीगरी को आगे बढ़ाने के लिए इसे आधुनिक तकनीक से जोड़ना अत्यावश्यक था। प्रधानमंत्री मोदी ने कारीगरों के कौशल को आधुनिक तकनीक और नए बाजारों से जोड़ने के साथ उत्पादों की पैकेजिंग और डिजाइनिंग पर भी विशेष जोर दिया, जिससे बदलते दौर के अनुरूप परंपरागत कारीगरी को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की परिकल्पना कारीगरों, हस्तशिल्पियों, युवा शक्ति और आधी आबादी यानी नारी शक्ति के सहयोग से साकार होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि, देश को लंबे समय तक उनका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।

हर साल मंदिर आना सौभाग्य  

सीएम ने कहा कि,  उन्हें प्रत्येक वर्ष श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर आने का अवसर प्राप्त होता है और यह उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दशकों पूर्व जिस भावना के साथ मंदिर व्यवस्था को आगे बढ़ाने का कार्य शुरू हुआ था, वह आज भी निरंतर जारी है। कारीगर और हस्तशिल्पी बिना किसी भेदभाव के इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने भगवान विश्वकर्मा से जुड़ी एक पुस्तक का लोकार्पण किया। विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया। एक पार्षद ने मुख्यमंत्री योगी को पुष्पगुच्छ भेंट किया। मंदिर समिति के मंत्री श्याम बाबू शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी को स्मृति चिह्न भेंट किया, वहीं रवि पांचाल ने अंगवस्त्र प्रदान कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री साकेत मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर के अध्यक्ष विद्यानंद शर्मा, अनूप शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, अजय कुमार विश्वकर्मा, गौरी शंकर शर्मा, रामविलास शर्मा और संजय शर्मा सहित विश्वकर्मा समाज से संबद्ध अनेक लोग उपस्थित रहे।

 

इसे भी पढ़ें- पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ा, अब मिलेंगे 9 हजार रुपये, योगी सरकार का बड़ा ऐलान

Related Articles

Back to top button