अब सुरक्षित होगा सफर, किसान पथ पर सर्विस रोड को मिली हरी झंडी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारों ओर यातायात को सुगम बनाने के लिए बनाई गई 105 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड का अब अधूरा काम पूरा होने जा रहा है। रिंग रोड के महत्वपूर्ण हिस्से किसान पथ के दोनों ओर 2-2 लेन की सर्विस रोड बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) आगामी जुलाई महीने से इस परियोजना पर जमीनी काम शुरू करने की योजना बना रहा है, जिससे अयोध्या रोड से सुल्तानपुर रोड के बीच रहने वाली करीब दो लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

इसे भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बड़ा अपडेट, 15 मई तक टला लोकार्पण, ये है असली वजह

क्यों जरूरी है यह सर्विस रोड?

राजधानी में आउटर रिंग रोड तो बनकर तैयार हो गई, लेकिन इसके 12 किलोमीटर के किसान पथ वाले हिस्से पर सर्विस लेन न होने से स्थानीय ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वर्तमान में सर्विस लेन के अभाव में लोग मुख्य हाईवे पर उल्टी दिशा में वाहन चलाने को मजबूर हैं।

Kisan Path

इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि किसान पथ पर आए दिन होने वाली भीषण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। NHAI के अधिकारियों का मानना है कि सर्विस लेन बनने के बाद दुर्घटनाओं के ग्राफ में भारी कमी आएगी।

परियोजना का स्वरूप

रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी के अनुसार, यह सर्विस लेन साढ़े तीन मीटर चौड़ाई वाली दो लेन के रूप में दोनों तरफ बनाई जाएगी। तकनीकी रूप से देखें तो सर्विस लेन अप और डाउन सात-सात मीटर की होगी। यह पैच विशेष रूप से अयोध्या रोड और सुल्तानपुर रोड के बीच का है। गौरतलब है कि पूरे आउटर रिंग रोड पर अन्य जगहों पर सर्विस लेन का निर्माण पहले ही हो चुका है, लेकिन यह हिस्सा तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से अधूरा था।

NHAI ने ली जिम्मेदारी

शुरुआत में किसान पथ का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किया गया था। उस समय किसानों से जमीन तो अधिग्रहित कर ली गई थी, लेकिन सर्विस लेन का निर्माण नहीं हो सका था। अब भविष्य के ट्रैफिक लोड को देखते हुए NHAI ने इस जिम्मेदारी को अपने हाथ में लिया है। दो-दो लेन की इस सर्विस रोड से अगले कई दशकों तक इस इलाके को ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से मुक्ति मिल जाएगी।

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी गौतम विशाल ने बताया कि इस सड़क के बनने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को किसान पथ पर चढ़े बिना ही सुल्तानपुर रोड से अयोध्या रोड तक आने-जाने की सहूलियत होगी। इससे मुख्य हाईवे पर स्थानीय ट्रैफिक का दबाव कम होगा और एक्सप्रेसवे की तर्ज पर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का संचालन सुरक्षित हो सकेगा।

 

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में होगा ‘रश्मिरथी पर्व’ का शंखनाद, दिग्गज करेंगे दिनकर की विरासत को नमन

Related Articles

Back to top button